06 November, 2026 (Friday)

मोबाइल स्नैचिंग का ये Video हैरान कर देगा, बदमाशों ने चलते ऑटो में दिया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम में चलते ऑटो से मोबाइल स्नैचिंग का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाश ने महिला को बनाया निशाना है। स्नैचिंग की ये घटना कार के डैशकैम में कैद हुई है।
गुरुग्राम में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश ने चलते ऑटो में बैठी महिला का मोबाइल फोन छीन लिया और ट्रैफिक के बीच से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पूरी घटना पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में कैद हो गई है। अब इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरी घटना गुरुग्राम के इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के पास की हैं। जहां 31 अक्टूबर को दिनदहाड़े मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर ट्रैफिक के बीच एक ऑटो आगे बढ़ रहा है। इसी दौरान ऑटो के पीछे चल रही कार को ओवरटेक करते हुए एक बाइक सवार युवक तेजी से आगे आता है। आरोपी बाइक सवार की नजर ऑटो में बैठी महिला के मोबाइल पर होती है। जैसे ही वह ऑटो के बराबर पहुंचता है, एक हाथ से बाइक का हैंडल संभालते हुए दूसरे हाथ से महिला का मोबाइल छीन लेता है और मौके से फरार हो जाता है।

कुछ ही सेकंड में मोबाइल लेकर फरार हुए आरोपी
मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देने का तरीका भी हैरान करने वाला है। आरोपी ने न तो बाइक रोकी और न ही किसी तरह की जल्दबाजी दिखाई। चलते ट्रैफिक के बीच उसने कुछ ही सेकंड में मोबाइल छीना और आगे निकल गया। अचानक हुई इस घटना से ऑटो में बैठी महिला घबरा गई। वहीं, पीछे चल रही कार के डैशकैम में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। घटना 31 अक्टूबर की है, लेकिन अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस वारदात ने गुरुग्राम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े इस तरह मोबाइल छीनकर बदमाश का फरार हो जाना कई सवाल खड़े करता है। आखिरकार व्यस्त इलाके में बाइक सवार बदमाश इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गया? ऐसे में राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो ने एक बार फिर गुरुग्राम में सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिनदहाड़े हुई इस स्नैचिंग की घटना ने पुलिस के सामने बदमाशों पर शिकंजा कसने की चुनौती खड़ी कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed