01 September, 2026 (Tuesday)

‘मुन्ना भैया’ और रवि किशन संग थिरकीं सोनल चौहान, रिलीज से पहले ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के हाई-वोल्टेज गाने ‘घूम घूम’ की धूम

फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का धमाकेदार गाना ‘घूम घूम’ रिलीज हो गया है। 4 सितंबर 2026 को रिलीज हो रही इस फिल्म के इस हाई-एनर्जी ट्रैक में सोनल चौहान, दिव्येंदु और रवि किशन थिरकते नजर आ रहे हैं।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपार सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बाद ‘मिर्जापुर’ की खूंखार और रोमांचक दुनिया अब बड़े पर्दे पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले बनी बहुचर्चित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। सेंसर बोर्ड से फिल्म को ए सर्टिफिकेट भी मिल गया है। फिल्म की ग्रैंड रिलीज में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बचा है और दर्शकों के बीच उत्सुकता चरम पर है। इसी उत्साह को और बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने फिल्म का नया हाई-वोल्टेज पार्टी ट्रैक ‘घूम घूम’ जारी कर दिया है।

सोनल चौहान के सिजलिंग डांस और अभिनेताओं की जुगलबंदी ने बढ़ाई चमक
नए रिलीज हुए इस स्पेशल डांस नंबर में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान का बेहद ग्लैमरस और ऊर्जावान अवतार देखने को मिल रहा है। सोनल अपने सिजलिंग डांस स्टेप्स से स्क्रीन पर आग लगाती नजर आ रही हैं। उनका साथ दे रहे हैं फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता दिव्येंदु और रवि किशन, जो गाने में सोनल के साथ थिरकते हुए महफिल लूट रहे हैं। तीनों कलाकारों का यह अनोखा अंदाज और शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इस गाने को एक परफेक्ट कमर्शियल चार्टबस्टर बनाती है।

राशमीत कौर की आवाज और कुमार के देसी बोल का जादू
संगीत की दृष्टि से ‘घूम घूम’ गाना हर किसी को झूमने पर मजबूर कर देने वाला ट्रैक है। इस धमाकेदार गाने को मशहूर गायिका राशमीत कौर और संगीतकार रे ने अपनी आवाज से सजाया है। गाने का कैची म्यूजिक रे द्वारा ही तैयार किया गया है, जबकि इसके ऊर्जावान बोल जाने-माने गीतकार कुमार ने लिखे हैं। जैसे ही मेकर्स ने सोशल मीडिया पर गाने को शेयर करते हुए 4 सितंबर की रिलीज का रिमाइंडर दिया, वैसे ही यह ट्रैक म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया रील्स पर ट्रेंड करने लगा।
4 सितंबर को बड़े पर्दे पर दिखेगा मिर्जापुर का नया और अनकहा रूप
निर्देशक गुरमीत सिंह और लेखक पुनीत कृष्णा की यह फिल्म वेब सीरीज के प्रशंसकों के लिए एक बिल्कुल नया और अनूठा अनुभव लेकर आ रही है। इस थिएट्रिकल वर्जन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर और मोहित मलिक जैसे अनुभवी कलाकारों की फौज भी सिनेमाघरों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरती नजर आएगी। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *