10 September, 2026 (Thursday)

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान के उड़ाए तोते, जूनियर एशिया कप मैच में 19-0 के अंतर से चटाई धूल

जूनियर एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एकतरफा 19-0 के अंतर से बड़ी जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है।
चीन में चल रहे जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने क्वार्टर फाइनल मैच में पाकिस्तान को एकतरफा 19-0 के अंतर से मात देने के साथ सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। खेल के मैदान पर एकबार फिर से भारत का दबदबा पाकिस्तान के खिलाफ साफतौर पर देखने को मिला। इस मैच में भारत की तरफ से कुल 13 खिलाड़ियों ने गोल किए जिसमें सबसे ज्यादा तीन गोल पूजा मलिक करने में कामयाब रहीं। वहीं अब भारतीय महिला हॉकी टीम की सेमीफाइनल में भिड़ंत साउथ कोरिया और मलेशिया की टीम के बीच में खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मैच में जीत हासिल करने वाली टीम से होगी।
पूजा साहू ने खोला टीम इंडिया का खाता, फिर लगी गोल की झड़ी
पाकिस्तान महिला हॉकी टीम के खिलाफ जूनियर एशिया कप के मुकाबले में भारतीय टीम का पहले ही हाफ से दबदबा देखने को मिला, जिसमें खेल के 7वें मिनट में टीम इंडिया की तरफ से मुकाबले का पहला गोल पूजा साहू ने किया और इसके बाद भारतीय महिला खिलाड़ियों ने लगातार अंतराल पर गोल करना जारी रखा। हाफ टाइम पर जब खेल रोका गया तो उस समय तक भारतीय टीम की तरफ से मुकाबले में कुल 10 गोल किए जा चुके थे। इसके बाद अगले 2 क्वार्टर में भारत की तरफ से 9 और गोल किए गए तो वहीं पाकिस्तानी महिला हॉकी टीम मैच में पूरी तरह से बेबस नजर आई और एक भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। भारतीय महिला हॉकी टीम की तरफ से इस मैच में सबसे ज्यादा तीन गोल पूजा मलिक ने किए तो वहीं रोशनी, सानिका, मधु, सुप्रिया ने 2-2 गोल किए।
टीम इंडिया की नजरें लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर
भारतीय महिला हॉकी टीम जो जूनियर एशिया कप में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में खेल रही है, उसकी नजरें लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर हैं। टीम इंडिया ने इससे पहले साल 2023 और 2024 में महिला जूनियर एशिया कप के खिताब को अपने नाम किया था। वहीं इस बार भी अब तक उनका टूर्नामेंट में अजेय अभियान देखने को मिला है, जिसमें ग्रुप स्टेज में जापान, मलेशिया और साउथ कोरिया की टीम को मात देने में कामयाब रही थी। भारतीय महिला हॉकी टीम अब 12 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया या मलेशिया में से किसी एक टीम का सामना करेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed