21 September, 2026 (Monday)

पहले पत्नी की हत्या, फिर पति ने दूसरी मंजिल से लगा दी छलांग, IT इंजीनियर के खौफनाक कदम से मचा हड़कंप

पति-पत्नी के बीच गांव में खरीदी गई जमीन को लेकर झगड़ा होता था। इसी विवाद में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह दो मंजिला मकान से खुद कूद गया।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित देहूगांव इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक अत्यंत दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पेशे से IT इंजीनियर रहे एक पति ने आपसी विवाद के बाद धारदार हथियार से अपनी पत्नी का गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद खुद का भी जीवन समाप्त करने के इरादे से उसने इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पत्नी की मौत, घायल पति का हो रहा इलाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात देहूगांव इलाके में स्थित ‘ओंकार नामक आलीशान सोसायटी’ में शनिवार और रविवार के दरमियानी सुबह करीब साढ़े पांच बजे के आसपास घटी है। इसमें शुभांगी आकाश बारस्कर नामक (उम्र 26 साल) पत्नी की मौत हो गई हैं तो उसका 28 वर्षीय पति आकाश रामदास बारस्कर घायल होने की वजह से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह दम्पति पिछले चार महीनों से देहूगांव के इस फ्लैट में किराए पर रह रहे थे।

गांव में खरीदी गई जमीन को लेकर लड़ाई-झगड़ा
इस वारदात को लेकर पुलिस अधिकारी विक्रम बनसोडे के द्वारा मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक अपराधी पति आकाश इसी इलाके में स्थित एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम करता था। उसने अपने गांव में जमीन खरीदी थी। इसका विरोध उसकी पत्नी शुभांगी बार-बार करती आ रही थी। इसी बात को लेकर ही दोनों के बीच में काफी अनबन भी चलती थी।
पत्नी की गला रेतकर हत्या
शनिवार की मध्यरात्रि को भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आकाश बारस्कर ने घर में रखे धारदार हथियार से शुभांगी पर हमला कर दिया और उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

पति ने दूसरी मंजिल से लगा दी छलांग
पत्नी की हत्या करने के बाद, आरोपी पति आकाश ने इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक घटना की जानकारी मिलते ही देहूरोड पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आरोपी आकाश को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। देहूरोड पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि क्या इसके अलावा कोई और तो कारण नहीं था जिसके चलते इतना बड़ा विवाद हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *