06 June, 2026 (Saturday)

नर्सरी की छात्रा ने उल्टी की तो मां को स्कूल बुलाकर सफाई कराई, 2 घंटे तक बच्ची को हाथ ऊपर करके खड़ा रखा

उल्टी करने के बाद नर्सरी की बच्ची को स्कूल प्रशासन की तरफ से पानी तक नहीं दिया गया। इसके उलट उसे 2 घंटे तक हाथ ऊपर कर खड़े रहने के लिए मजबूर किया गया। हंगामे के बाद स्कूल प्रशासन ने माफी मांगी है।
मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र के एक स्कूल से शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 3 साल की बच्ची ने स्कूल में उल्टी कर दी तो स्कूल प्रबंधन ने बच्ची की तबीयत पर ध्यान ना देकर उसे 2 घंटे हाथ ऊपर करवा कर खड़ा रखा और उसकी मां को स्कूल बुलवाकर पूरे फ्लोर पर पोछा लगवाया। मामले के 6 दिन बाद स्कूल प्रबंधन ने इस अमानवीयता के लिए लिखित तौर पर माफी भी मांगी है।
यह पूरा मामला बालाजी मेमोरियल पब्लिक स्कूल का है। घटना 6 दिन पुरानी है। 8 मई की सुबहे कक्षा नर्सरी में पढ़ने वाली एक 3 वर्षीय बच्ची की तबीयत खराब हो जाती है और वह उल्टी करने लग जाती है। जिम्मेदारी के तौर पर तो स्कूल को सबसे पहले बच्ची को पानी देना चाहिए था और उसे बिठाकर परिजनों को सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कुछ उल्टा ही किया।
बच्ची की मां से लगवाया पोछा
आरोप है कि स्कूल के लोगों ने बीमार बच्ची को डाटा और 2 घंटे तक हाथ ऊपर करवा कर खड़े रखा। इसके बाद बच्ची की मां प्रियंका को सूचना दी। जैसे ही प्रियंका स्कूल पहुंची तो स्कूल प्रबंधन ने उनके हाथ में पोछे का कपड़ा थमा दिया और पूरे फ्लोर पर पोछा लगवाया। यह देख बच्ची की मां हक्का-बक्का रह गई और उसने सबसे पहले अपनी बच्ची को पानी पिलाया, लेकिन स्कूल में पूरे फ्लोर पर पहुंचा लगवाने के बाद ही बच्ची और उसकी मां को घर भेजा गया।
स्कूल प्रशासन ने मांगी माफी
6 दिन तक मामला शांत रहा तभी किसी ने इसकी सूचना एबीवीपी को दी, जिसके बाद स्कूल पहुंचे एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर थाना गोविंद नगर प्रभारी रवि त्यागी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस, स्कूल प्रबंधन और बच्ची के परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत चलती रही और अंत में स्कूल प्रबंधन ने लिखित तौर पर माफी मांगी है। स्कूल के प्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि उनसे गलती हुई है और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी और स्कूल में जो भी अव्यवस्था हैं, उनको ठीक कराया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *