06 July, 2026 (Monday)

अश्लील वीडियो बनाकर 55 हजार वसूलने का आरोप, इन्फ्लुएंसर समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज; युवती ने हनी ट्रैप के आरोपों को बताया झूठा

संभल में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक युवक ने युवती और उसके साथियों पर अश्लील वीडियो बनाकर रुपये वसूलने के आरोप लगाए हैं।
संभल: जिले की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती और उसके दो साथियों पर हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगा है। फास्ट फूड कारोबारी युवक की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का दावा है कि पहले उसे प्रेम संबंध के जाल में फंसाया गया, फिर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए लगातार धमकाकर रुपये ऐंठे गए। शहर के चौधरी सराय निवासी 22 वर्षीय युवक ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती और उसके दो सहयोगियों पर हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर संभल कोतवाली पुलिस ने युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नैनीताल में हुई थी मुलाकात
पीड़ित, शहर में फास्ट फूड सेंटर संचालित करता है। उसने बताया कि करीब तीन साल पहले नैनीताल यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात अरिशा से हुई थी। दोनों के एक ही शहर के होने के कारण बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया। युवक का आरोप है कि इसी दौरान विश्वास में लेकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद युवती ने उन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी भी दी गई। डर के कारण उसने अलग-अलग समय पर करीब 55 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी कथित ब्लैकमेलिंग नहीं रुकी।

साथियों के साथ मिलकर फंसाने का आरोप
युवक का आरोप है कि बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि युवती अपने दो साथियों अनस और शुऐब के साथ मिलकर लोगों को प्रेम संबंधों के बहाने फंसाने और फिर आपत्तिजनक सामग्री के जरिए वसूली करने का काम करती है। जब उसने युवती से दूरी बनानी शुरू की तो तीनों की ओर से दबाव और धमकियां और बढ़ गईं। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि एक जुलाई 2023 को दोनों पक्षों के बीच स्टाम्प पेपर पर समझौता हुआ था, जिसे नोटरी भी कराया गया था। उसके मुताबिक उस समझौते में युवती ने पहले लगाए गए आरोपों को गलत बताया था। इसके बावजूद अब फिर से फोटो-वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम मांगने का सिलसिला शुरू हो गया।

तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने शनिवार देर रात युवती और उसके दोनों साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर इनफ्लुएंसर अरिशा का भी एफआईआर के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो खुद को निर्दोष बताते हुए संभल पुलिस से पूरे मामले की निस्पक्ष जांच की मांग करती सुनी जा सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed