16 September, 2026 (Wednesday)

‘सपा की सरकार आने पर CM कोटे से IAS बनवा दूंगा…’, समाजवादी पार्टी के नेता पर महिला को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

मथुरा में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के नेता डॉ राजन रिज़वी पर एक महिला ने IAS अधिकारी बनवाने का झांसा देने और झूठा प्रलोभन देकर फंसाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। ये मामला चर्चा का विषय बन गया है।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक महासभा से जुड़े प्रदेश स्तरीय नेता राजन रिजवी पर एक महिला बैंककर्मी से कथित तौर पर अश्लील बातचीत करने और उसे प्रलोभन देने के आरोप लगे हैं। आरोपी नेता द्वारा महिला को भेजे गए कथित व्हाट्सएप संदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। महिला और उनके सरकारी कर्मचारी पति ने मामले की शिकायत CO सिटी आशना चौधरी से की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

महिला ने क्या आरोप लगाया?
उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। शिकायत के अनुसार, महिला की आरोपी नेता से पहचान मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी। आरोप है कि इसके बाद नेता ने महिला की सुंदरता और व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे बातचीत कथित रूप से आपत्तिजनक और अश्लील संदेशों तक पहुंच गई। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर माफी मांगते हुए दोबारा उसे अपने पक्ष में करने का प्रयास किया।

सपा नेता ने मैसेज में क्या लिखा?
वायरल बताए जा रहे संदेशों में आरोपी नेता द्वारा महिला को कथित तौर पर कहा गया कि वह डिवाइन आभा वाली कंप्लीट वुमन हैं और उनकी पर्सनैलिटी पर मौजूदा नौकरी सूट नहीं करती। आरोप है कि नेता ने यह भी कहा कि सपा की सरकार बनने पर वह “भैयाजी” यानी अखिलेश यादव से कहकर महिला को मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन पर IAS बनवा देगा, बशर्ते महिला उसके लिए दिल में “पॉजिटिव वाइब्स” रखें और उसे आशीर्वाद दें। महिला का आरोप है कि विरोध के बावजूद आरोपी ने प्रलोभन देने की कोशिश की। मामले में पुलिस अब वायरल चैट, शिकायत और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पद से हटाए गए राजन रिजवी
महिला को आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने सपा नेता राजन रिजवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा (यूपी) का एक नोटिस भी सामने आया है जिसके अनुसार राजन रिजवी को उनके पद से हटा दिया गया है। बहरहाल, ये मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed