01 October, 2026 (Thursday)

वेस्टइंडीज ने तोड़ा 43 साल पुराना ​कीर्तिमान, वनडे क्रिकेट में रच दिया नया इतिहास

जॉन कैंपबेल, शे होप और आमिर जंगू के रिकॉर्ड शतकों की मदद से वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ वनडे ​में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। टीम ने 1983 का कीर्तिमान चकनाचूर कर दिया।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है। वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने शतक​ बनाकर इतिहास रच दिया। इतना ही नहीं, वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के खिलाफ वनडे में अ​ब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बना दिया। आज टीम ने गुवाहाटी में जो स्कोर बनाया है, वो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। टीम ने अब से करीब 43 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त करने में कामयाबी हासिल की।

साल 1983 में वेस्टइंडीज ने भारत​ के खिलाफ वनडे में बनाए थे 333 रन, अब जाकर टूटा रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ वनडे में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। इससे पहले वेस्टइंडीज ने सात दिसंबर 1983 में जमशेदपुर में खेले गए वनडे मैच में आठ विकेट पर 333 रन बनाए थे। जो अब टूट गया है। इन 43 साल में कभी भी टीम इतने रन भारत के खिलाफ नहीं बना पाई है। 50 ओवर के इस मैच में वेस्टइंडीज ने 42वें ओवर में ही 333 से अधिक रन बना दिए।

जॉन कैंपबेल, शे होप और आमिर जंगू ने लगाए धमाकेदार शतक
खास बात ये रही कि वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने इस मैच में सेंचुरी मारी। ये पहली बार है, जब वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने एक ही मैच में तीन शतक लगा दिए हों। सबसे पहले जॉन कैंपबेल ने 68 बॉल पर 101 रन बनाए। इसके बाद कप्तान शे होप ने भी शतक लगाया। शे होप ने 94 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 104 रनों की पारी खेली। इसके बाद आमिर जंगू ने भी शतकीय पारी खेली। उन्होंने 77 बॉल पर 114 रन बनाए। 300 से अधिक रन तो इन्हीं तीन बल्लेबाजों ने ही मिलकर बना दिए थे।

वनडे क्रिकेट के इतिहास में छठी बार किसी एक टीम के बल्लेबाजों ने लगाए तीन शतक
वनडे क्रिकेट के इतिहास में ये छठी बार हुआ है, जब किसी टीम के तीन बल्लेबाजों ने सेंचुरी मारी हो। वेस्टइंडीज की टीम ने ऐसा पहली बार किया है, इतना ही नहीं, भारत के खिलाफ भी ऐसा पहली बार हुआ है। इससे पहले साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीका के ​खिलाफ तीन शतक लगाए थे। उसके बाद अब ये कारनामा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *