17 October, 2026 (Saturday)

लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती, सीने में इंफेक्शन की शिकायत, अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा इलाज

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती हैं। सीने में इंफेक्शन की शिकायत के बाद आडवाणी को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, आडवाणी को सीने में इंफेक्शन और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज हो रहा है। हॉस्पिटल की ओर से उनके हेल्थ अपडेट की प्रतीक्षा की जा रही है।

99 साल के होने वाले हैं आडवाणी
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी 98 साल के हैं। वह आगामी 8 नवंबर को अपना 99वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। आडवाणी वर्तमान में दिल्ली में 30, पृथ्वीराज रोड स्थित आवास पर रहते हैं। साल 2024 के दिसंबर में भी आडवाणी को अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक, वह चिकित्सा मूल्यांकन और मेडिकल जांच के लिए एडमिट हुए थे।
पीएम मोदी ने की थी मुलाकात
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा में 25 साल पूरे करने के बाद लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी और उनसे आशीर्वाद लिया था। पीएम मोदी ने X पर पोस्ट कर के बताया था- “आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। दशकों तक उनकी जनसेवा और हमारे राष्ट्रीय जीवन में उनके योगदान ने एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

आडवाणी के बारे में जानिए
लाल कृष्ण आडवाणी ने 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर बीजेपी की स्थापना की थी। वह सबसे लंबे समय तक बीजेपी के अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में 1984 में सिर्फ 2 सीटों वाली पार्टी 1998 में 182 सीटों तक पहुंच गई। आडवाणी 1989 से लोकसभा के सदस्य रहे और 2019 में संन्यास तक 7 बार लोकसभा पहुंचे। ज्यादातर समय उन्होंने गांधीनगर सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह 1998-2004 तक देश के गृह मंत्री रहे और 2002-2004 तक उन्होंने उपप्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। आडवाणी को साल 2024 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed