14 August, 2026 (Friday)

बाढ़ के पानी में बह गया ऑटो, स्थानीय लोगों ने यात्रियों की बचाई जान; सामने आया VIDEO

ओडिशा के मयूरभंज में बाढ़ के पानी में अचानक एक ऑटो बह गया। इस दौरान ऑटो में सवारियां भी मौजूद थीं। वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
ओडिशा के मयूरभंज जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां के सरसकना इलाके में लगातार बारिश के बाद हालात मुश्किल हो गए हैं। इसी बीच सरसकना को झारखंड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बाढ़ के तेज बहाव में एक बैटरी ऑटो-रिक्शा बह गया। ऑटो में ड्राइवर समेत चार यात्री भी सवार थे। जानकारी के अनुसार, सरसकना क्षेत्र में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण इलाके की स्थानीय नदियों, नहरों और कैनाल में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया। इसका असर सरसकना-झारखंड मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिला।

पुल के ऊपर लगा चार फुट पानी

बताया जा रहा है कि सड़क पर बने एक पुल के ऊपर करीब चार फुट तक पानी बह रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ऑटो लेकर पानी से भरी सड़क को पार करने की कोशिश कर रहा था। तेज बहाव के कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और पानी उसे पुल से नीचे खींच ले गया। ऑटो के पानी में बहते ही उसमें सवार ड्राइवर और यात्री फंस गए। वे तेज पानी के बीच खुद को बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। कुछ स्थानीय लोग पानी में उतरे और ड्राइवर व यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। इसके बाद रस्सी की मदद से ऑटो को भी बाहर निकाला गया। समय रहते स्थानीय लोगों की मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।

झारखंड को जोड़ने वाले रोड पर हुआ हादसा

बता दें कि सरसकना को झारखंड से जोड़ने वाली यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। ब्लॉक अधिकारी समेत झारखंड से आने-जाने वाले लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। स्थानीय स्कूल के छात्रों और मेडिकल सेंटर जाने वाले लोगों के लिए भी यह रास्ता काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। सड़क की स्थिति पहले से ही खराब है और थोड़ी सी बारिश के बाद संगकू-कुचुलु नाला का पानी सड़क पर जमा होकर आवागमन में परेशानी पैदा करता है। लगातार बारिश के दौरान पानी का बहाव और तेज हो जाने से इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है। वहीं इस हादसे के बाद लोगों को आवागमन के दौरान सावधानी भी बरतने की जरूरत है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed