15 September, 2026 (Tuesday)

बलिया में पुलिसकर्मी का तालाब में मिला शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

बलिया में ड्यूटी पर जाते वक्त एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। सुबह उसका शव तालाब में मिला। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के बलिया में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पर सोमवार सुबह एक पुलिसकर्मी की लाश तालाब में मिली है। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप सा मच गया है। पुलिसकर्मी को रविवार रात दूसरी ड्यूटी के लिए पहुंचना था, लेकिन जब वो नहीं पहुंचा तो उसकी खोज शुरू हुई। घटना कैसे हुई, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बलिया की बांसडीह कोतवाली में तैनात है पुलिसकर्मी
बलिया जनपद में बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार की सुबह बांसडीह रोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए परितोष मिश्रा अपनी निजी मोटरसाइकिल से बलिया गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात 2-3 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ खाना खाया। इसके बाद परितोष मिश्रा ने अपने साथियों को बताया कि उन्हें रात में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए जाना है और वह अपनी मोटरसाइकिल से वहां से रवाना हो गए।

सोमवार सुबह करीब दस बजे मिली शव
इस बीच निर्धारित समय पर वह बांसडीह थाने में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। इस पर पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू कर दी और उनके संबंध में जानकारी जुटाई जाने लगी। सोमवार यानी 14 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में परितोष मिश्रा का शव मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने जानकारी दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *