पांच ओवर में 5 विकेट, शून्य रन, वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ किया अनोखा कारनामा
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट जस्टिन ग्रीव्स ने ऐसा कमाल किया, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। ग्रीव्स ने पाकिस्तान को सस्ते में समेट दिया। मैच के तीन दिन हो गए हैं।
पांच ओवर और पांच विकेट। हर ओवर में एक एक विकेट और वो भी बिना कोई रन दिए। ये अनोखा कारनामा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी सुना और सोचा नहीं गया था। लेकिन अब वेस्टइंडीज के गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स ने ये करिश्मा पहली बार कर दिखाया है। वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान पहले टेस्ट में ग्रीव्स की गेंदबाजी ने पाकिस्तान की कमर तोड़कर रख दी है। ग्रीव्स का टेस्ट में ये पहला 5 विकेट हॉल है। मुकाबला अभी जारी है।
जस्टिन ग्रीव्स ने पांच ओवर में लगातार लिया एक एक विकेट, नहीं दिया कोई भी रन
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच का तीसरा दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स ने लगातार पांच ओवर में पांच विकेट लिए और इस दौरान एक भी रन खर्च नहीं किया। ग्रीव्स जब पारी का 64वां ओवर लेकर आए तो उन्होंने इस ओवर की पांच बॉल पर कोई रन नहीं दिया और आखिरी बॉल पर विकेट ले लिया। इसके बाद वे 66वां ओवर लेकर आए। इसमें उन्होंने दूसरी ही बॉल पर विकेट लिए और बाकी गेंदों पर कोई रन खर्च नहीं किया। इसके बाद उन्होंने 68वां ओवर फेंका। इस दौरान उन्होंन तीसरी बॉल पर विकेट लिए और यहां भी कोई रन नहीं दिया। 70वें ओर में उन्होंने चौथी बॉल पर विकेट लिया। 72वें ओवर में फिर उन्होंने आखिरी बॉल पर विकेट लिए और कोई भी रन नहीं दिया। ये अपने आप में अनोखा रिकॉर्ड है।
पाकिस्तान के खिलाफ ग्रीव्स ने किया कमाल का प्रदर्शन
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है, जो काम जस्टिन ग्रीव्स ने किया है। इसके बाद ग्रीव्स सोशल मीडिया पर भी छा गए हैं। ग्रीव्स ने इस पारी के दौरान कुल मिलाकर 11 ओवर फेंके और 6 ओवर मेडन गए। इस दौरान उन्होंने 27 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। पाकिस्तान के शान मसूद, मोहम्मद रिजवान, आमिर जमाल, अली उस्मान और अब्दुल अब्बास उनका शिकार हुए।
अब तक हो चुका है तीन दिन का खेल, मैच रोमांचक दौर में पहुंचा
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 311 रन बनाए थे। इसके बाद पाकिस्तान की पूरी टीम मिलकर केवल 282 रन ही बना सकी। इस तरह से वेस्टइंडीज को पहली पारी के आधार पर बढ़त मिली गई थी। लेकिन जब टीम दोबारा बल्लेबाजी के लिए आई तो उसका प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। जब तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक वेस्टइंडीज की टीम 126 रन पर सात विकेट गवां चुकी थी। इस तरह से वेस्टइंडीज के पास इस वक्त 155 रन की लीड है और टीम के तीन विकेट शेष हैं। देखना होगा कि टीम कितने रन और बना सकती है।
