07 July, 2026 (Tuesday)

पहाड़ टूटा और सब कुछ निगल गया! ताश के पत्तों की तरह बहा टैंकर; वायनाड लैंडस्लाइड का खौफनाक CCTV फुटेज

केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड का एक बेहद डरावना सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पहाड़ से आए मलबे और कीचड़ के सैलाब में एक भारी-भरकम टैंकर और गाड़ियां ताश के पत्तों की तरह बहती नजर आ रही हैं।
केरलम के वायनाड के मेपाड्डी में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। ये भूस्खलन वायनाड टनल निर्माण क्षेत्र में हुआ। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई और अभी भी मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। लैंडस्लाइड मीनाक्षी पुल के पास हुआ जिसका वीडियो भी सामने आया हैं जो कि बेहद ही भयावह है। जहां पुल के पास की पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढहकर सड़क और पास के गांव में आ गिरा, जिससे पूरा इलाका मलबे से भर गया है।

कैसे हुआ हादसा?
घटना सुबह 11 बजे के करीब हुई है। दरअसल कल्लाडी इलाके में मीनाक्षी पुल के पास टनल निर्माण का काम चल रहा था, टनल की खुदाई के चलते मिट्टी का एक बड़ा टीला वहां बन गया था। तेज बारिश की वजह से ये टीला और आस पास की पहाड़ी का हिस्सा दरक गया। नीचे की ओर प्रवासी मजदूरों के रहने के लिए टेम्परेरी कैम्प बनाया गया था, 2 बसों में स्थानीय मजदूरों को भी वहां काम के लिये लाया गया था। ये दोनों बसें और टेम्प्रेरी कैम्प पूरी तरह लैंडस्लाइड की जद में आ गया है।

वायनाड में 2024 जैसी दहशत
यह हादसा मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां अनाक्कमपॉयल-कल्लाडी-मेप्पाडी ट्विन टनल प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। पूरा होने पर यह प्रोजेक्ट मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ेगा। इस घटना ने 2024 की उस त्रासदी की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
जिस इलाके में यह हादसा हुआ है, वो मुंडाक्कई के पास है जो 2024 के लैंडस्लाइड से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इस इलाके में कई होमस्टे हैं। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने आगे आकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में फायर और रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचीं।

15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
ज्यादातर राज्यों में बाढ़-बारिश और लैंडस्लाइड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। महाराष्ट्र से गुजरात और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुछ जगहों पर सड़कें धंस गई हैं तो निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इन सबके बीच मौसम विभाग ने आज 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का भी अलर्ट है ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed