14 September, 2026 (Monday)

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने फिर तैयार किए आतंकी ठिकाने, सामने आया

ऑपरेशन सिंदूर में भारत से बुरी तरह से पिटने के बाद भी पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा है। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद फिर से आतंकी ठिकाने तैयार किए हैं। इनका वीडियो भी सामने आया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान और PoJK में तबाह किए गए आतंकी ठिकानों को एक बार फिर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इंडिया टीवी को मिले एक्सक्लूसिव वीडियो में बहावलपुर, सवाई नाला और मुजफ्फराबाद के आतंकी ठिकानों में दोबारा निर्माण साफ दिखाई दे रहा है। इंडिया टीवी ने पहले भी इन आतंकी अड्डों की तस्वीरें और वीडियो दिखाए थे। अब नए एक्सक्लूसिव वीडियो में इन ठिकानों पर नई दीवारें और नई ईंटों से किया गया निर्माण साफ नजर आ रहा है।

तबाह आतंकी कैंप का दोबारा निर्माण
आतंकी ठिकानों से जुड़ा जो पहला वीडियो सामने आया है वह लश्कर-ए-तैयबा के सवाई नाला कैंप का है। यह आतंकियों के रुकने और ठहरने के लिए इस्तेमाल होने वाला ठिकाना बताया जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस कैंप को पूरी तरह तबाह किया गया था, लेकिन अब यहां दोबारा निर्माण किया जा चुका है। दूसरी तस्वीर जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सैदा बिलाल कैंप की है, जो पीओजेके के मुजफ्फराबाद में स्थित है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस ठिकाने को भी निशाना बनाया गया था और इसे भारी नुकसान पहुंचा था। अब यहां नई दीवारें और नई ईंटों से निर्माण के सबूत दिखाई दे रहे हैं।
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भी जिक्र
भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भी इन आतंकी ठिकानों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई में इन आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह किया गया था। इन ठिकानों का दोबारा तैयार होना इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को फिर से खड़ा करने की कोशिश जारी है। इससे पहले खबर सामने आई थी कि आतंकवादी संगठन घोषित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) ने पाकिस्तान में अपने कुख्यात ‘मरकज सुभानल्लाह’ कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह से ठीक कर लिया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानिए
आपको बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तानी आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़े आतंकी हमले को अंजाम दिया था। आंतकियों ने पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर उन्हें गोली मार दी थी। इस हमले में 26 भारतीय लोगों की मौत हुई थी। इस हमले का बदला लेने के लिए भारत की सेना ने 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए और उन्हें तबाह कर दिया। इन हमलों में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। हालांकि, इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के दर्जन भर एयरबेस को तबाह कर दिया। दोनों पड़ोसी देशों के बीच लगभग 88 घंटे तक चला सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम को एक समझौते पर पहुंचने के बाद रुक गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *