इवांका ट्रंप ने की भारत-अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों की वकालत, भारत यात्रा को किया याद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री इवांका ने कहा है कि वैश्विक सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों की जैसी जरूरत इस समय है, वैसी इससे पहले कभी नहीं थी। राष्ट्रपति की वरिष्ठ सलाहकार इवांका ने एक ट्वीट में नवंबर 2017 में अपनी भारत यात्रा को भी याद किया है।
उल्लेखनीय है कि इवांका ने हैदराबाद में आयोजित वैश्विक उद्यमी सम्मेलन में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। उन्होंने उद्यमी सम्मेलन की चार तस्वीरें भी ट्विटर पर साझा की हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सम्मेलन में भाग लेने की अच्छी यादें हैं। उन्होंने कहा कि इस समय दुनिया कोरोना से लड़ाई लड़ रही है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच मजबूत दोस्ती जरूरी है।


वही, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन की जीत को चुनौती देते हुए विस्कांसिन के सुप्रीम कोर्ट में मामला दायर किया है। इसमें उन्होंने चुनाव में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े और गैरहाजिर लोगों के मतपत्रों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
सोमवार को आंशिक पुनर्गणना के बाद बाइडन की जीत की पुष्टि की गई थी। ट्रंप अभियान ने कहा है कि चार ऐसे उदाहरण हैं, जिनसे फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है। अनुपस्थित बैलट के लिफाफे में गैरकानूनी तरीके से बदलाव किया गया। जिन मतपत्रों की गिनती की गई, उनमें जरूरी आवेदन नहीं थे। अनिश्चित काल के अवैध दावों की अनदेखी की गई और गैरकानूनी वोटिंग इवेंट का आयोजन किया गया, जिसे लोकतंत्र का नाम दिया गया।
