14 August, 2026 (Friday)

WTC Points Table में अभी कहां हैं भारत और श्रीलंका, पहला मैच टीम इंडिया ने जीता तो बदल जाएंगे समीकरण

भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू हो रही है। पहले मैच के बाद डब्ल्यूटीसी यानी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में क्या असर पड़ेगा, ये आपको अभी से जान लेना चाहिए।
WTC यानी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। इसके लिए दोनों टीमें तैयार हैं। इस बीच पहला मुकाबला शुरू हो, उससे पहले आपको ये जरूर जान लेना चाहिए कि अभी डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में भारत और श्रीलंका की टीमें कहां पर हैं। साथ ही ये भी समझ लीजिए कि अगर भारत ने पहले ही मैच में जीत दर्ज कर ली तो टीम इंडिया कहां जाएगी, उसका पीसीटी कितना बदल जाएगा और श्रीलंका का क्या होगा।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर काबिज
​अभी की बात करें तो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर काबिज है। उसका पीसीटी 87.50 का है। टीम ने आठ मैच खेलकर उसमें से सात जीते हैं और केवल एक में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर पर आती है। उसका पीसीटी 75.00 का है। टीम ने चार मैच खेलकर तीन जीते हैं और एक में ही उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। न्यूजीलैंड की टीम छह मैच खेलकर उसमें से चार जीत चुकी है और एक मैच में हार मिली है, एक मैच ड्रॉ रहा है। उसका पीसीटी 72.22 का है और टीम तीसरे नंबर पर है। बांग्लादेश की टीम 58.33 के पीसीटी के साथ नंबर चार पर है।

भारतीय टीम का पीसीटी अभी 50 से कम, श्रीलंका की टीम छठे नंबर पर
अब बात करते हैं भारत की। भारतीय टीम ने इस चक्र के डब्ल्यूटीसी में कुल मिलाकर 9 मैच खेले हैं और इसमें से चार में ही उसे जीत मिली है। चार में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं एक मैच ड्रॉ रहा है। यही वजह है कि उसका पीसीटी 48.15 का है। अब टीम अपने 10वें मैच में खेलने के लिए उतरेगी। श्रीलंका की टीम भी ज्यादा पीछे नहीं है, उसका पीसीटी 41.67 का है और टीम इस वक्त भारत के ठीक बाद छठे स्थान पर है।

श्रीलंका को हराकर टीम इंडिया को मिलेगा पीसीटी का फायदा, स्थान वही रहेगा
इस बीच ये समझ लीजिए कि अगर भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट में हरा दिया तो क्या होगा। भारत के पास अभी 52 अंक हैं, लेकिन अगला मैच जीतते ही उसके अंक ​बढ़कर 64 हो जाएंगे। यानी टीम इंडिया का पीसीटी 53.33 का हो जाएगा। यानी टीम इंडिया रहेगी तो पांचवें नंबर पर ही, लेकिन इतना जरूर है कि चौथे नंबर पर काबिज बांग्लादेश के काफी करीब पहुंच जाएगी। वहीं इस हार से श्रीलंका का पीसीटी घटकर 33.33 का हो जाएगा।

बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच भी खेला जा रहा है टेस्ट मैच
इस बीच एक और बात समझ लीजिए। वो ये कि बांग्लादेश की टीम भी इस वक्त ऑस्ट्रेलिया से टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला मैच 13 अगस्त से शुरू हो चुका है और इस वक्त तक बांग्लादेशी टीम आगे नजर आ रही है। अगर कहीं बांग्लादेश ने भी अपना मैच जीत लिया तो फिर टीम इंडिया बांग्लादेश के इतने करीब नहीं आ पाएगी, जितनी उम्मीद की जा रही है। यानी कुल मिलाकर देखें तो भारतीय टीम को श्रीलंका को हराने का फायदा पीसीटी में तो मिलेगा, लेकिन उसके नंबर पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हांं, अगर टीम ने सीरीज का दूसरा मैच भी जीत लिया तो फिर बात कुछ और हो सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *