17 August, 2026 (Monday)

तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम दिग्गज एक्टर अरविंद वेकारिया का निधन, शो के बाघा से था खून का रिश्ता

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के ‘बाघा’ यानी एक्टर तन्मय वेकारिया पर टूटा दुखों का पहाड़ टू पड़ा है। अभिनेता तन्मय वेकारिया के पिता और दिग्गज गुजराती रंगमंच एक्टर अरविंद वेकारिया का निधन हो गया। एक्टर कई दफे ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी नजर आ चुके थे।

गुजराती थिएटर जगत और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘बाघा’ का मशहूर किरदार निभाने वाले अभिनेता तन्मय वेकारिया के पिता और दिग्गज गुजराती अभिनेता-निर्देशक अरविंद वेकारिया का निधन हो गया है। अरविंद वेकारिया गुजराती रंगमंच का एक बेहद सम्मानित और जाना-माना नाम थे। उन्होंने अभिनय और निर्देशन के क्षेत्र में एक लंबा और शानदार सफर तय किया था। उनके जाने से पूरी आर्टिस्ट कम्युनिटी में शोक व्याप्त है। एक्टर ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी नजर आ चुके थे।

‘भिड़े’ के साथ था वो खास सीन
अरविंद वेकारिया ने न सिर्फ गुजराती थिएटर में अपना लोहा मनवाया, बल्कि उन्होंने टीवी के सबसे पसंदीदा शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी एक छोटी सी लेकिन बेहद यादगार भूमिका निभाई थी। दर्शकों को याद होगा कि जब शो में आत्माराम तुकाराम भिड़े एक बड़े आर्थिक संकट में फंस गए थे, तब वह माधवी के गहने गिरवी रखने के लिए एक सुनार के पास गए थे। उस ट्रैक में सुनार का वह खास किरदार किसी और ने नहीं, बल्कि खुद तन्मय के पिता अरविंद वेकारिया ने ही निभाया था।
एक साल पहले ही छूटा था मां का साथ
तन्मय वेकारिया और उनके परिवार के लिए यह समय काफी मुश्किल है। वह अपनी जिंदगी के एक बेहद कठिन और दर्दनाक दौर से गुजर रहे हैं। दरअसल साल 2025 में ही तन्मय की मां का भी निधन हो गया था। मां के जाने के गम से परिवार अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब पिता का साया भी सिर से उठ गया। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अरविंद वेकारिया के निधन पर गहरा दुख जताया है। इस पोस्ट को शो के पुराने डायरेक्टर मालव राजदा ने भी शेयर किया और खुद तन्मय ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया है।

जब सेट पर फूट-फूटकर रो पड़े थे ‘बाघा’
यह दुखद खबर आने से कुछ समय पहले ही तन्मय वेकारिया का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के सेट पर शूटिंग के दौरान अपने परिवार के बारे में बात करते हुए तन्मय अचानक बेहद भावुक हो गए थे और कैमरे के सामने ही फूट-फूटकर रोने लगे थे। स्थिति को देखते हुए शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने आगे बढ़कर उन्हें संभाला था और ढांढस बंधाया था। इस वाकये के चलते कुछ देर के लिए शो की शूटिंग भी रोकनी पड़ी थी और फैंस भी तन्मय को इस तरह देखकर काफी परेशान हो गए थे।

ऐसा रहा अरविंद जी का सफर
अरविंद वेकारिया का अभिनय करियर काफी लंबा और शानदार रहा। उन्होंने कई लोकप्रिय गुजराती फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘यशोदा’, ‘छानू चमकलो’ और ‘रुपियो नाच नचावे’ जैसी फिल्में बेहद मशहूर हुईं। क्षेत्रीय सिनेमा के अलावा वह भारत के पसंदीदा सुपरहीरो शो ‘शक्तिमान’ का भी हिस्सा रहे थे। इस शो के जरिए वे हिंदी भाषी दर्शकों के बीच भी पहचाने गए।

पिता को देखकर ही तन्मय में जागा था एक्टिंग का शौक
तन्मय अपनी एक्टिंग जर्नी में अपने पिता का बहुत बड़ा प्रभाव मानते थे। अपने एक पुराने इंटरव्यू में बचपन के दिनों को याद करते हुए तन्मय ने बताया था, ‘मेरा जन्म और परवरिश कांदिवली के एक लोअर-मिडल-क्लास परिवार में हुई थी। हमारे परिवार में माता-पिता, मेरा भाई मनमीत और मैं थे। आज मेरा भाई चार्टर्ड अकाउंटेंट है और ऑस्ट्रेलिया में सेटल है। मेरे पिता अरविंद वेकारिया गुजराती रंगमंच का एक बड़ा नाम थे। बचपन से ही उन्हें स्टेज पर परफॉर्म करते देखना मेरे भीतर एक्टिंग की चिंगारी जगा गय, और उन्हीं को देखकर मुझे इस फील्ड में आने की प्रेरणा मिली।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed