वैभव सूर्यवंशी बनाम फखर जमान, 28 टी20 मैचों में ऐसा है दोनों का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में डेब्यू करने के बाद से जिस तरह पिछले एक साल में अपने बल्ले से लगातार कमाल दिखाया है उसकी चर्चा हर तरफ देखने को मिली है। आईपीएल 2026 में भी वैभव उसी फॉर्म को जारी रखे हुए हैं, जिसमें वह 400 से अधिक रन बना चुके हैं। ऐसे में 15 साल के उभरते भारतीय खिलाड़ी की तुलना भी कई दूसरे खिलाड़ियों के साथ देखने को मिलती रहती है। ऐसे में हम आपको वैभव सूर्यवंशी और पाकिस्तान के धाकड़ आक्रामक बल्लेबाज फखर जमान के साथ उनके आंकड़ों की तुलना करते हुए उसके बारे में बताने जा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक टी20 क्रिकेट में कुल 27 मुकाबले खेले हैं तो वहीं फखर जमान 340 टी20 मैच खेल चुके हैं। ऐसे में हम आपको वैभव सूर्यवंशी और फखर जमान का 28-28 टी20 मैचों के बाद कैसा रिकॉर्ड है उसके बारे में बताने जा रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने 28 टी20 मैचों की 28 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 40.92 के औसत से 1105 रन बनाए हैं। फखर जमान ने 28 टी20 मैचों की 28 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 31.28 के औसत से 782 रन बनाए थे।
वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से करियर में जिस तरह से बल्ले से तहलका मचाया है उसकी गूंज हर तरफ देखने को मिलती है। टी20 क्रिकेट में 28 मुकाबले खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी अब तक 4 शतकीय और तीन अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं। फखर जमान ने 28 टी20 मैचों में एक शतकीय और चार अर्धशतकीय पारियां खेली थी।
वैभव सूर्यवंशी जिस बेखौफ अंदाज में पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर हावी होने का प्रयास करते हैं उससे बॉलर्स काफी दबाव में दिखते हैं। वैभव सूर्यवंशी 28 टी20 मैचों में खेलते हुए अब तक 88 चौके और 99 छक्के लगा चुके हैं। फखर जमान ने 28 टी20 मैचों में 23 छक्के और 88 चौके लगाए थे।
वैभव सूर्यवंशी का 28 टी20 मैचों के बाद एक मैच में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर देखा जाए को वह 144 रनों की पारी है। वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ी फखर जमान का 28 टी20 मैचों में एक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ स्कोर देखा जाए तो वह नाबाद 100 रनों की थी।
वैभव सूर्यवंशी और फखर जमान दोनों ही खिलाड़ियों की गिनती टी20 फॉर्मेट के आक्रामक बल्लेबाजों में की जाती है। ऐसे में इनके स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो उसमें वैभव काफी आगे दिखाई देते हैं। वैभव सूर्यवंशी का 28 टी20 मैचों में स्ट्राइक रेट 215.39 का है। फखर जमान का 28 टी20 मैचों में स्ट्राइक रेट 134.59 का था।
