वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के लिए शुरू की जोरदार तैयारी, सिर्फ डिफेंस पर कर रहे हैं फोकस
टीम इंडिया के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बहुत जल्द दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन टीम के उपकप्तान के रूप में मैदान में उतरेंगे। वह इस टूर्नामेंट के लिए नेट्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं।
टीम इंडिया के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब दलीप ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट के लिए उन्हें ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इंग्लैंड दौरे पर इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और अब घरेलू क्रिकेट में नई जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं। दिलीप ट्रॉफी 2026-27 में वैभव अपनी बल्लेबाजी से छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे। आपको बता दें कि रेड बॉल क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है।
वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी के लिए कर रहे हैं जमकर प्रैक्टिस
दलीप ट्रॉफी के लिए वैभव ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अभ्यास का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह नेट्स पर बल्लेबाजी करते नजर आए। युवा बल्लेबाज नेट प्रैक्टिस में गेंद को डिफेंस करने पर ध्यान दे रहे हैं। इसके साथ उन्होंने अटैकिंग शॉट पर भी काम किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए वैभव ने कैप्शन में लिखा Preparation. वैभव का पूरा ध्यान आने वाली चुनौती के लिए खुद को तैयार करने पर है। अपने व्हाइट बॉल डेब्यू के बाद वैभव अब रेड बॉल क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं।
जिम्बाब्वे सीरीज में वैभव का प्रदर्शन रहा था शानदार
वैभव इससे पहले जिम्बाब्वे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे। इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद वैभव ने इस सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी की। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने तीन टी20 इंटरनेशनल पारियों में 151 रन बनाए और सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 196.10 रहा। उन्होंने एक पारी में 81 रन भी बनाए। उनके प्रदर्शन की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। वह अब उसी फॉर्म को दलीप ट्रॉफी में भी बरकरार रखना चाहेंगे।
ईशान किशन करेंगे ईस्ट जोन की कप्तानी
ईस्ट जोन ने आगामी दुलेप ट्रॉफी के लिए ईशान किशन को कप्तान बनाया है। दलीप ट्रॉफी की शुरुआत 23 अगस्त से होगी। ईस्ट जोन अपने अभियान की शुरुआत नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ करेगा। वैभव से इस टूर्नामेंट में लंबे प्रारूप में अपने आंकड़े को सुधारने की कोशिश करेंगे। उन्होंने अपने करियर में अभी तक 8 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और वहां 12 पारियों में 17.25 के औसत से 207 रन बनाए हैं।
