अमेरिका और इजरायल के हमले में ऐसे बची मुज्तबा खामेनेई की जान, लीक हुए ऑडियो में खुला राज
अमेरिका और इजरायल के हमले में मुज्तबा खामेनेई बाल-बाल बच गए थे। मुज्तबा खामेनेई इस हमले में कैसे बचे इस बात का खुलासा लीक हुए एक ऑडियो से पता चला है।
तेहरान: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई अमेरिका और इजरायल के हमले में बाल-बाल बच गए थे। इस हमले में उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की मौत हो गई थी। ‘द टेलीग्राफ’ को मिले एक लीक हुए ऑडियो के अनुसार, धमाके से कुछ मिनट पहले ही मुज्तबा किसी काम से कंपाउंड से बाहर निकले थे। इस ऑडियो में हमले से जुड़ी कुछ और भी बड़ी बातें सामने आई हैं।
लीक हुई रिकॉर्डिंग
लीक हुई रिकॉर्डिंग को दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के दफ्तर के एक सीनियर अधिकारी का बताया जा रहा है। इसमें 28 फरवरी को हुए उस हमले का पूरा ब्योरा दिया गया है, जिसमें ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर, उनके परिवार के कई सदस्यों और ईरान के इस्लामिक शासन के अन्य सीनियर अधिकारियों की जान चली गई थी।
किसकी है रिकॉर्डिंग?
‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह रिकॉर्डिंग अली खामेनेई के दफ्तर में प्रोटोकॉल के प्रमुख मजाहेर हुसैनी की है। वो 12 मार्च को तेहरान में हुई एक बैठक के दौरान बोल रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई के कंपाउंड पर स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9:32 बजे हमला किया गया था। होसैनी के मुताबिक मुज्तबा हमले में उन्हें पैर में मामूली चोट आई, जबकि उनकी पत्नी जहरा हद्दाद-आदेल और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
इन बातों का भी किया गया जिक्र
अली खामेनेई के दूसरे बेटे, मुस्तफा खामेनेई भी हमले के समय आसपास ही मौजूद थे, लेकिन वो अपनी पत्नी के साथ सुरक्षित बच गए। होसैनी का कहना है कि हमला इतना जबरदस्त था कि ईरान के मिलिट्री चीफ, मोहम्मद शिराजी के शरीर के चिथड़े उड़ गए और उनकी पहचान के तौर पर बस कुछ किलो मांस ही बचा था। इस रिकॉर्डिंग में परिसर के अंदर मौजूद अन्य लोगों की मौत का भी जिक्र किया गया है, जिनमें अली खामेनेई के दामाद, मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी भी शामिल हैं। हमले में उनका सिर 2 हिस्सों में बंट गया था। हमले ऑफिस परिसर के कई हिस्सों पर एक साथ हुए थे जिनमें खामेनेई परिवार के कई सदस्यों से जुड़े रिहायशी मकान भी शामिल थे।
