05 June, 2026 (Friday)

फ्लैट में मिला DU की असिस्टेंट प्रोफेसर का शव, बहन ने ताला तोड़कर देखा तो उड़ गए होश

DU के एक कॉलेज की सहायक प्रोफेसर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। वह शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर थीं और वसुंधरा एन्क्लेव के एक फ्लैट में अकेली रहती थीं।
नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के एक कॉलेज की 49 वर्षीय सहायक प्रोफेसर गुरुवार दोपहर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। मृतका की पहचान देवस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो डीयू के शिवाजी कॉलेज में पढ़ाती थीं। पुलिस को उनका शव फ्लैट के भीतर मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहन ने ताला तोड़ा तो खुला राज
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि देवस्मिता पॉल वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एक फ्लैट में अकेली रहती थीं। गुरुवार सुबह से उनकी बहन देवरति पॉल उन्हें लगातार फोन कर रही थीं, लेकिन देवस्मिता की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब संपर्क नहीं हो पाया, तो किसी अनहोनी की आशंका के चलते देवरति सीधे उनके फ्लैट पर पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि फ्लैट बाहर से बंद था। घबराहट में देवरति ने फ्लैट का ताला तोड़ा और जैसे ही वह अंदर गई, उनके होश उड़ गए। अंदर देवस्मिता का शव पड़ा हुआ था। उसने तुरंत दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और बताया कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने पूरे फ्लैट की बारीकी से जांच की और वहां से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य व नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

आरोपियों की तलाश में जुटीं कई टीमें
इस सनसनीखेज वारदात को लेकर न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है। जांचकर्ता मृतका की हालिया गतिविधियों, उनके फोन के कॉल रिकॉर्ड्स, करीबियों से पूछताछ और सोसाइटी व आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *