श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब में भव्य आयोजन, सरकार ने किया बड़ा ऐलान
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाते हुए जालंधर के करतारपुर रोड पर स्थित गांव नौगज्जा और फरीदपुर में अधिग्रहित 10.50 एकड़ भूमि का भौतिक कब्जा प्राप्त कर लिया है। यह कदम गुरु रविदास जी की विरासत को ठोस और समयबद्ध तरीके से सम्मान देने के सरकार के संकल्प को दर्शाता है।
पूरी कब्जा प्रक्रिया वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक बलकार सिंह, पंजाब एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक के चेयरमैन पवन टीनू, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी की गई।
श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र
इस अवसर पर बोलते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि पंजाब सरकार ने अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के निर्माण के लिए 10.50 एकड़ भूमि का भौतिक कब्जा प्राप्त कर लिया है। अब इस भूमि का उपयोग गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को समर्पित एक विश्वस्तरीय संस्थान के निर्माण के लिए किया जाएगा।
55 लाख रुपए का खर्च
उन्होंने आगे घोषणा करते हुए कहा, “निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा और देरी के आगे बढ़ाने के लिए साइट से हाई-टेंशन बिजली की तारों को शिफ्ट करने पर पंजाब सरकार द्वारा 55 लाख रुपये का खर्च वहन किया जाएगा।
शीघ्र ही जारी किए जाएंगे टेंडर
वित्त मंत्री ने बताया, “पहले ही बिक्री विलेखों का पंजीकरण पूरा हो चुका है और अब भौतिक कब्जा भी मिल गया है, जिसके साथ यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कार्यान्वयन चरण में प्रवेश कर चुकी है। केंद्र का डिजाइन और लेआउट प्लान डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों से परामर्श करके विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की और देरी न हो, इसके लिए शीघ्र ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
आध्यात्मिक और सामाजिक विरासत
भगवंत मान सरकार के संकल्प को दोहराते हुए मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का विश्वभर में प्रसार करने और उनके संदेश को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित विद्वानों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पंजाब सरकार गुरु जी की आध्यात्मिक और सामाजिक विरासत के संरक्षण और प्रचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भव्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे आयोजित
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार ने पहले ही श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरे वर्ष भर चलने वाले समारोहों की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा, “गुरु रविदास जी महाराज की विरासत को सम्मान देने और गुरु जी द्वारा बताए गए साम्प्रदायिक सौहार्द के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए पूरे राज्य में भव्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये समारोह गुरु जी की शिक्षाओं के प्रति पंजाब के लोगों की गहरी श्रद्धा और सम्मान को दर्शाएंगे।
पंजाब सरकार का किया धन्यवाद
डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों ने परियोजना को समयबद्ध ढंग से लागू करने और संगत की लंबे समय से लंबित मांग को ईमानदारी और तेजी से पूरा करने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया।
संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद
बाद में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधायक बलकार सिंह, चेयरमैन पवन टीनू, वरिष्ठ आप नेता नितिन कोहली और राजविंदर कौर थियारा के साथ डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लिया।
