पंजाब बंद का कई जिलों में असर, मार्केट-स्कूल-कॉलेज बंद, सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू; परमिंदर झोटा की हत्या का विरोध
‘पंजाब बंद’ के चलते कई जगहों पर आज बाजार बंद रहे और कई जिलों में निजी स्कूल भी बंद रखे गए। बंद के आह्वान के बाद होशियारपुर, फिरोजपुर और मानसा सहित कई जगहों पर दुकानें और बाजार बंद रहे। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं चालू रहीं।
पंजाब के मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इसका असर भी सड़कों पर दिख रहा है। बंद के आह्वान को देखते हुए होशियारपुर, जालंधर, मोगा और मानसा में स्कूल-कॉलेज, दुकानें और बाजार बंद हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।
शाम पांच बजे तक रहेगा बंद
दरअसल, मानसा एक्शन कमेटी ने मामले में इंसाफ की मांग को लेकर आज शाम 5 बजे तक पंजाब बंद की कॉल दी है। कमेटी ने मामले की सीबीआई से जांच कराने और सीएम मान के साथ-साथ डीजीपी के इस्तीफा की भी मांग की है। मानसा एक्शन कमेटी का दावा है कि ये बंद शांतिपूर्ण रहेगा लेकिन कल मानसा प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। आरोपी अश्विनी के घर और मेडिकल स्टोर को बुलडोजर से गिरा दिया।
स्टोर गिराते ही लोगों ने उसमें तोड़फोड़ कर आग भी लगा दी। परविंदर की हत्या से गुस्साए सिख संगठनों ने मानसा में बाजार बंद करा दिए। घरवालों की मांग है कि मामले की जांच CBI करे और CM भगवंत मान और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें। आज के प्रोटेस्ट में कई किसान संगठनों ने समर्थन दिया है।
SSP, DSP, SHO और ड्रग इंस्पेक्टर को बर्खास्त करने की मांग
झोटा की हत्या के बाद विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक संयुक्त कार्य समिति बनाई गई है। इस समिति ने मुख्यमंत्री मान और DGP यादव के इस्तीफे की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मानसा के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP), डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) और ड्रग इंस्पेक्टर को बर्खास्त करने की भी मांग की है। उन्होंने इस मामले की CBI जांच कराने की भी मांग की है।
कई जगहों पर प्रदर्शन
झोटा के पिता भीम सिंह ने सभी से 15 अक्टूबर के बंद के आह्वान का समर्थन करने की अपील की थी। अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति ने गुरुवार सुबह सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर नशीले पदार्थों की समस्या को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और अमृतसर के गोल्डन गेट पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
यह हत्या तब हुई थी जब झोटा एक मेडिकल स्टोर मालिक से पूछताछ करते हुए फेसबुक लाइव कर रहा था। मेडिकल स्टोर मालिक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीले पदार्थ बेचने का आरोप था। इस घटना ने पंजाब में राजनीतिक घमासान छेड़ दिया है, जहां अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं।
