06 July, 2026 (Monday)

भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे टी20 में बदला जाएगी प्लेइंग इलेवन, दूसरे मुकाबले का विलेन होगा बाहर, किसकी होगी एंट्री

भारत और इंग्लैंड की बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का तीसरा मैच 7 जुलाई को खेला जाएगा। इस मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव की प्रबल संभावना है।
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज जारी है। अब तक दो मैच हो गए हैं। पहला मैच बारिश के कारण रद हो गया था, वहीं दूसरा मुकाबला इंग्लैंड ने चार विकेट से अपने नाम किया। अब सीरीज का तीसरा मैच करीब है, जो काफी अहम होने वाला है। इस मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन फिर से बदलने की संभावना है। जिस गेंदबाज की वजह से भारतीय टीम मैच हारी है, उसे बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

रवि बिश्नोई के एक ओवर में मैच भारत के हाथ से चल गया
टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच की तैयारी कर रही है, जो सात जुलाई दिन मंगलवार को खेला जाएगा। इस मैच में एक और तेज गेंदबाज की एंट्री होते हुए नजर आ रही है। दूसरे मैच में टीम इंडिया तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरी थी, इसको लेकर सवाल उठे हैं। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती टीम में थे, इसके बाद भी रवि बिश्नोई को टीम में लिया गया। यही बिश्नोई टीम की हार के कारण बन बैठे। जब मैच करी​ब करीब टीम इंडिया की पकड़ में था, तब 17वां ओवर लेकर आए बिश्नोई ने दो बैक फुट नो बॉल डाल दी। इसके बाद जो ​फ्री हिट मिली, उसमें इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने दो छक्के ठोककर मैच को करीब करीब खत्म कर दिया। इस ओवर में बिश्नोई ने 29 रन खर्च किए, जो टीम इंडिया पर भारी पड़ गए।

प्रिंस यादव की हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एंट्री
इस मैच में रवि बिश्नोई को कोई सफलता नहीं मिली और उन्होंने चार ओवर में 60 रन दिए। अब अगला मुकाबला ट्रेंट ब्रिज में खेला जाना है, ऐसे में संभावना है कि रवि का नाम प्लेइंग इलेवन से हटाकर प्रिंस यादव की एंट्री कराई जाएगी। प्रिंस ने आयरलैंड के ही खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था, उसमें तीन सफलताएं भी हासिल की थी, लेकिन उसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया है। अब लगता है कि उनकी वापसी के रास्ते खुल गए हैं।

टीम इंडिया को पहले बैटिंग करते हुए बनाना होगा बड़ा स्कोर
अब तक जो दो मैच टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले हैं, उसमें पहले में 189 और दूसरे में 190 रन बनाए। पहले मैच में तो इंग्लैंड की बल्लेबाजी नहीं आई, वहीं दूसरे में अंग्रेज टीम ने 190 के स्कोर को आसानी से चेज कर लिया। यानी टीम इंडिया अगर अगले मैच में फिर से पहले बैटिंग करती है तो उसे 200 से अधिक का स्कोर सेट करना होगा, तभी जीत के बारे में सोचा जा सकता है। इस बीच कहना होगा कि भले ही कुछ इंतजार के बाद वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल डेब्यू मिल गया हो, लेकिन पहले मैच में वे उस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर पाए, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। अब देखना होगा कि दूसरे मुकाबले में वे कैसी बैटिंग करते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वॉशिंगटन सुंदर।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम कुरन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोश टंग, जॉर्डन कॉक्स, सन्नी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed