उत्तर प्रदेश में 19 अक्टूबर को रहेगा अवकाश, CM योगी आदित्यनाथ ने महानवमी को लेकर किया फैसला
उत्तर प्रदेश में 19 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। जानकारी के अनुसार, राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी के अवसर को देखते हुए अवकाश रखने का फैसला किया गया है।
देश के विभिन्न राज्यों में नवरात्रि का त्योहार धूम-धाम से मनाया जा रहा है। अब इस त्योहार के बीच में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला किया है। सामने आए जानकारी के अनुसार, सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में 19 अक्टूबर को अवकाश रखने का फैसला किया गया है। योगी सरकार की ओर से ये फैसला महानवमी के अवसर को देखते हुए किया गया है।
पहले भी किए गए फैसले
आपको बता दें कि इससे पहले भी योगी सरकार ने त्योहारों पर अवकाश को लेकर बड़े फैसले किए हैं। इस साल योगी सरकार ने रामनवमी के अवसर पर लगातार दो दिन अवकाश का ऐलान किया था। इसके अलावा मकर संक्रांति को लेकर 15 जनवरी को भी उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
नवरात्रि के छठे दिन सीएम योगी का ट्वीट
नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की उपासना होती है। इस अवसर पर सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया। सीएम योगी ने कहा- “समस्त बाधाओं और आसुरी प्रवृत्तियों का संहार करने वाली मां कात्यायनी नारीशक्ति के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अजेय पराक्रम का प्रतीक हैं। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय और अराजकता का ऐसा माहौल था, जहां बेटियों के सपनों पर पहरे थे, उनके हौसलों पर बंदिशें थीं और उनकी प्रतिभा अवसरों के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर थी। खेल के मैदान माफिया के कब्जे में थे, संसाधन नदारद थे और बेटियों की उड़ान को पंख देने के बजाय, उनके सपनों को चारदीवारी में कैद कर दिया गया था। विगत साढ़े 9 वर्षों में प्रदेश में बदलाव की नई गाथा लिखी गई है। भय का स्थान सुरक्षा ने लिया है, उपेक्षा का स्थान प्रोत्साहन ने लिया है और संसाधनों के अभाव का स्थान खेल सुविधाओं के विस्तार ने लिया है।”
सीएम योगी ने कहा- “गांव के खेल मैदानों और ब्लॉक स्तरीय मिनी स्टेडियम से लेकर जिला स्तरीय स्टेडियम, मंडल स्तरीय स्पोर्ट्स कॉलेज तथा मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक, बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त आधार मिल रहा है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ एवं एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को लाखों-करोड़ों के पुरस्कार, ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत सीधी भर्ती जैसी सुविधाएं खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन, उपलब्धियों को सम्मान और भविष्य को सुरक्षा प्रदान कर रही हैं। इस परिवर्तन की गूंज अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी सुनाई दे रही है। एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया, कुश्ती में दिव्या काकरान ने कॉमनवेल्थ एवं एशियन गेम्स में अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जय मां कात्यायनी।”
