दिल्ली-NCR में मानसून ने दी दस्तक, महाराष्ट्र-यूपी समेत 12 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; मुंबई के कई इलाकों में भरा पानी
देश के कई राज्यों में अब मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली-NCR में भी मानसून पहुंचने से बारिश शुरू हो गई है। कई इलाकों में तेज वर्षा हो रही है। मौसम विभाग के अलर्ट से 2 दिन पहले ही मानसून दिल्ली पहुंच गया है।
महाराष्ट्र, बिहार और यूपी सहित 12 राज्यों में आज (गुरुवार को) बारिश और आंधी का अलर्ट है। महाराष्ट्र के पालघर में बारिश का रेड अलर्ट तो मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी आज मानसून ने दस्तक दे दी है। दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है। साथ ही, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की आशंका है। वहीं, ठाणे में आज IMD ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई के कई इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों से बेवजह घरों से ना निकलने की अपील की गई है।
दिल्ली में बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत
इसके अलावा, गुजरात, मध्य प्रदेश और असम में भी जमकर बारिश हो रही है। नदी-नाले उफान पर हैं। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं, दिल्ली-NCR में मानसून ने दस्तक दे दी है। आज सुबह मौसम में हुए बदलाव के कारण दिल्ली में सुबह से ही काले बादल छाए हुए थे। दिल्ली के कई इलाकों में फिलहाल तेज बारिश हो रही है। हालांकि, मौसम विभाग में 4 जुलाई से मानसून का अलर्ट जारी किया था। मगर 2 दिन पहले हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत दी है।
मुंबई के बांद्रा और जुहू में कई जगह सड़कें जलमग्न
सबसे बुरा हाल इन दिनों महाराष्ट्र का है, जहां मुंबई से लेकर बांद्रा और जुहू तक सड़कें पानी में गायब हो चुकी हैं। लगातार बारिश के बीच पेड़ गिर रहे हैं। ज्यादा पानी भरने की वजह से सबवे बंद करने पड़ रहे हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। वसई-विरार में तेज बारिश के बाद नाले उफान पर आ गए हैं और दो कारें पानी में खिलौने की तरह बह गईं। हालांकि, गनीमत रही कि कार सवारों ने कूदकर अपनी जान बचाई और किसी को चोट नहीं आई। लेकिन लगातार बारिश से इलाके में काफी नुकसान हुआ है।
अंधेरी के सबवे में भर गया था बारिश का पानी
बता दें कि बीती रात से मुंबई में बारिश जारी है। मुंबई शहर में 134 मिलीमीटर, पूर्व उपनगर में 164 मिलीमीटर और पश्चिम उपनगर में 149 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, मुंबई के अंधेरी सबवे में सुबह 4 बजे पानी भरा था, जिसके चलते ट्रैफिक कुछ देर के लिए बंद था लेकिन अब पानी कम होने के बाद ट्रैफिक शुरू कर दिया गया है। किंग्स सर्कल के इलाके में सड़क के एक हिस्से में पानी जमा है लेकिन यातायत प्रभावित नहीं हुआ है। साथ ही, कुर्ला के निचले इलाके में पानी भरा है। उप नगरीय रेल सेवा सामान्य रूप से चल रही है।
