03 October, 2026 (Saturday)

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल

आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उन्होंने कांग्रेस के सीनियर नेता राजीव शुक्ला की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
नई दिल्लीः दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रियंका कक्कड़ को सीनियर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला, दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव और सांसद पवन खेड़ा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतो से भटक चुकी है। राहुल गांधी में हमें वो उम्मीद दिखाई दी, जो बीजेपी को हरा सकती है। इसलिए कांग्रेस में आई। मुझे किसी पद का लालच नहीं है। जो काम पार्टी देगी वो करूंगी।

प्रियंका कक्कड़ ने की राहुल गांधी की तारीफ

कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर कोई ऐसा नेता है जो अपने विचारों को आगे बढ़ाने से नहीं डरता, तो वह राहुल गांधी हैं। मैंने देखा है कि वह अकेले ऐसे नेता हैं जिन्होंने कैमरों के सामने कभी आंसू नहीं बहाए। वह मज़बूत इरादों वाले हैं। मैंने देखा है कि कैसे उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की गई और कैसे उन्हें दबाने के लिए पूरी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस डटे रहे। उनकी सच्चाई ही उनकी आत्मा है। मैंने देखा कि इस पार्टी में भी एक आत्मा है, जो मुझे दूसरी पार्टियों में नहीं दिखी। मैं यह अपने निजी अनुभव से कह रही हूं।

आम आदमी पार्टी पर भी साधा निशाना
प्रियंका ने कहा कि एक समय था जब कहा जाता था कि AAP न तो बंगला लेगी और न ही गाड़ी लेकिन बाद में निजी यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल होने लगा और मैं ऐसी चीज़ों का बचाव नहीं कर पाई जिनका बचाव करना मुमकिन नहीं था। मैंने तब एक लक्ष्मण रेखा खींच ली जब मैंने देखा कि आम आदमी पार्टी, जिसने कभी बहुत काबिल और समझदार लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया था, उन्हें अपने साथ बनाए रखने में नाकाम रही। अब किन लोगों को लाया जा रहा है? राजस्थान से ऐसे नए लोगों को लाया जा रहा है जिन्होंने बूथ लेवल पर भी काम नहीं किया है और उन्हें पंजाब में सीनियर पद दिए जा रहे हैं, साथ ही बंगले और गाड़ियां भी। मेरे लिए ऐसी चीजों का बचाव करना मुमकिन नहीं है? मैंने यह भी देखा है कि राहुल गांधी ने गद्दार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है। उन्होंने हमें और बाकी सभी को इस मुद्दे के बारे में जागरूक किया है।
टीवी डिबेट में आप का पक्ष रखती थीं प्रियंका
प्रियंका कक्कड़ आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता थीं। वह 30 सितंबर तक आम आदमी पार्टी की नेशनल प्रवक्ता के तौर पर टीवी डेबेट में हिस्सा लेते दिखी थी। बीते दो दिन से वह टीवी डिबेट में हिस्सा नहीं ले रही थीं। प्रियंका कक्कड़ के अचानक पार्टी छोड़ने से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed