नाग पंचमी के दिन गलती से भी न करें ये 5 काम, जीवन में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
नाग पंचमी का त्योहार 17 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन नाग देवता और भगवान शिव की पूजा की जाती है। हालांकि, कुछ कार्य करने से इस दिन आपको बचना चाहिए। इसी के बारे में आज हम आपको जानकारी देंगे।
नाग पंचमी के पर्व को हिंदू धर्म में बेहद खास माना गया है। इस दिन नाग देवता की पूजा की जाती है और साथ ही नागों के पूज्य भगवान शिव की भी आराधना इस दिन होती है। साल 2026 में नाग पंचमी का त्योहार 17 अगस्त को है। इस दिन कुछ कार्यों को करना वर्जित भी माना जाता है वरना नाग देवता और महादेव की कृपा से आप वंचित रह सकते हैं और जीवन में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आज इन्हीं कार्यों के बारे में हम आपको जानकारी देंगे।
नाग पंचमी पर न करें ये 5 काम:
जमीन की खुदाई करने से बचें
नाग पंचमी के पर्व पर आपको गलती से भी जमीन नहीं खोदनी चाहिए। खेत जोतना, नींव खोदना इस दिन शुभ नहीं माना जाता। इसका कारण यह है कि नागों का निवास स्थान जमीन के नीचे है इसलिए जमीन की खुदाई करके आप उनके निवास स्थान को क्षति पहुंचा सकते है।
लोहे के बर्तनों का न करें उपयोग
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नाग पंचमी के दिन लोहे से जुड़ा काम आपको नहीं करना चाहिए और ना ही लोहे के बर्तन इस्तेमाल करने चाहिए। इस दिन चूल्हे पर तवा चढ़ाना भी अच्छा नहीं माना जाता। मान्यताओं के अनुसार नाग पंचमी के दिन लोहे के बर्तनों का इस्तेमाल करने से नाग देवता आप से अप्रसन्न हो सकते हैं।
धारदार वस्तुओं का न करें इस्तेमाल
नाग पंचमी के दिन आपको कैंची, सुई और चाकू जैसी धारदार चीजों का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सिलाई-बुनाई करना भी वर्जित माना गया है। ऐसा करने से आपके जीवन में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं।
सर्पों को हानि न पहुंचाएं
नाग पंचमी के दिन आपको गलती से भी सर्पों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। धार्मिक मतानुसार ऐसा करने से महापाप आपको लग सकता है। नाग पंचमी के दिन उपाय आप अवश्य कर सकते हैं इससे कालसर्प दोष से मुक्ति मिलती है।
तामसिक भोजन का न करें सेवन
नाग पंचमी का त्योहार सात्विकता से जुड़ा है इसलिए गलती से भी इस दिन आपको तामसिक भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से नकारात्मकता आपके जीवन में आ सकती है।
