04 October, 2026 (Sunday)

‘चुनाव हारने पर जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत,’ शिवराज चौहान का मल्लिकार्जुन खरगे पर तीखा हमला

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीत जाए तो चुनाव आयोग ठीक हो जाता है। यदि कांग्रेस चुनाव हार जाती है तो चुनाव आयोग खराब हो जाता है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस के रुख और चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।

कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश कैसे जीती कांग्रेस?
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग सही होता है, लेकिन चुनाव हारने पर वही चुनाव आयोग उसे खराब नजर आने लगता है। उन्होंने सवाल किया कि अगर चुनाव आयोग की व्यवस्था गलत है तो कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव कैसे जीत गई?

देश को 80 और 90 के दशक में ले जाना चाहती है कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने मतपत्र के जरिए चुनाव कराने की मांग को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को 80 और 90 के दशक में ले जाना चाहती है। शिवराज चौहान ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है, ऐसे में सवाल उठता है कि कांग्रेस इसका विरोध क्यों करना चाहती है।
शिवराज चौहान ने आपातकाल का भी किया जिक्र
शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि चुनाव हारने पर चुनाव आयोग को बदनाम करना और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश करना कांग्रेस के DNA में है। शिवराज ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पहले भी आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कमजोर कर चुकी है। कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का खतरनाक खेल खेल रही है।
कांग्रेस के नापाक इरादे और मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संस्थाओं और व्यवस्थाओं को गलत बताकर उन्हें ध्वस्त करने की कोशिश करना देश के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने इसे देश को अराजकता की ओर ले जाने वाला कदम बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नापाक इरादे और मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *