बिहार: शादी के चार दिन बाद ही उजड़ गया दुल्हन का सुहाग, सड़क हादसे में दूल्हे की मौत से चीखों से गूंज उठा घर
चार दिन पहले शादी हुई और अभी दुल्हन के हाथों की मेंहदी का रंग भी फीका नहीं हुआ था कि दूल्हे की मौत हो गई। दुल्हन का सुहाग उजड़ गया और घर में कोहराम मच गया। घटना बिहार के सुपौल जिले की है।
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ,जिसने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। महज चार दिन पहले जिस घर में शहनाइयों की गूंज थी,वहीं अब चीख-पुकार और आंसुओं का सैलाब है। जानकारी के अनुसार जिले के जदिया थाना क्षेत्र के पिलुवाहा पंचायत के वार्ड 2 निवासी दुखो यादव के 19 वर्षीय पुत्र उमेश कुमार की शादी त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गुड़िया नवडीह निवासी अंशु कुमारी से 6 मार्च को धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद घर में अभी भी जश्न का माहौल था। रिश्तेदारों का आना-जाना जारी था और नई दुल्हन के स्वागत की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं। लेकिन किसी को क्या पता था कि किस्मत इतनी जल्दी ऐसा क्रूर खेल खेलेगी।
सड़क हादसे में दूल्हे की मौत
मंगलवार 10 मार्च की शाम नवविवाहित उमेश कुमार किसी काम से त्रिवेणीगंज बाजार गया था और काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर विशनपुर गांव के पास जदिया त्रिवेणीगंज सड़क मार्ग एनएच-327E पर सामने से आ रही एक अन्य बाइक और उमेश की बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
रो रोकर दुल्हन का है बुरा हाल
आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल उमेश को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया,लेकिन हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। परिजन इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उमेश ने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह खबर गांव और परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। नई-नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस दुल्हन ने अभी चार दिन पहले ही अपने जीवनसाथी के साथ नए सपने सजाए थे, वह आज बेसुध होकर अपने पति को पुकार रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और गांव वालों की आंखें भी नम हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मंगलवार रात ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार बाइक सवार की पहचान और तलाश की जा रही है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
