महाराष्ट्र के रायगढ़ में बाढ़ के पानी में बह गए करीब 3 हजार LPG गैस सिलेंडर, वीडियो हुआ वायरल
रायगढ़ में चावणे स्थित HPCL के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी बारिश के बाद पानी भर गया और हजारों सिलेंडर पास की पातालगंगा में बह गए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, रायगढ़ की पातालगंगा नदी में करीब 3 हजार एलपीजी गैस सिलेंडर बहते दिखाई दिए हैं। नदी में बहते LPG गैस सिलेंडरों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नदी में बह गए एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के LPG सिलेंडर
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका के चावणे स्थित HPCL के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी बारिश और जलभराव के कारण बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में बहकर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बहने वाले करीब 3 हजार सिलेंडरों में कुछ भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली हैं।
DM ने की सिलेंडरों के पास नहीं जाने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने नागरिकों से अपील की है कि नदी या उसके किनारे बहकर आए किसी भी गैस सिलेंडर के पास न जाएं और न ही उसे उठाने या घर ले जाने की कोशिश करें।
नदी में बह रहे सिलेंडरों का छूना-खोलना हो सकता है खतरनाक
जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बहकर आए सिलेंडरों में गैस भरी हुई है या नहीं और उनकी स्थिति कितनी सुरक्षित है। ऐसे में किसी भी सिलेंडर को छूना, खोलना या इस्तेमाल करने की कोशिश करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।
पातालगंगा नदी में कहीं भी सिलेंडर दिखें तो प्रशासन को दें सूचना
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बहकर आया गैस सिलेंडर दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
रायगढ़ प्रशासन ने की सतर्कता बरतने की अपील
लगातार हो रही बारिश के बीच पातालगंगा नदी में बहते हजारों गैस सिलेंडरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्कता बरतने की लगातार अपील कर रहा है। सिलेंडर दिखने पर उनसे दूर रहने की सलाह दी गई है।
