लखनऊ में कार खड़ी करने को लेकर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, अंधाधुंध फायरिंग में 3 की मौत, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
दो गुटों के बीच फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पिस्टल बरामद हुई है। फायरिंग में 3 लोगों की जान चली गई है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में ट्रिपल मर्डर की वारदात हुई है। इस घटना में गोली लगने से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सरेआम 3 लोगों को गोली मारी गई थी। घायल शख्स को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
इस पूरे मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि सोमवार सुबह 10:30 बजे थाना सआदतगंज क्षेत्रांतर्गत ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता में बरगद के पेड़ के समीप खाली पड़ी जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के मध्य विवाद हो गया। उक्त विवाद के दौरान विपक्षी ऋषभ शुक्ला पुत्र दिनेश शुक्ला, निवासी ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता, थाना सआदतगंज, लखनऊ द्वारा कथित रूप से अवैध पिस्टल से फायरिंग की गई, जिसमें शिवाजी तिवारी, शिवेन्द्र तिवारी एवं सुयश तिवारी गोली लगने से घायल हो गए।
तीन लोगों की मौत
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से सभी घायलों को एम्बुलेंस एवं पुलिस वाहन के माध्यम से उपचार हेतु केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवाजी तिवारी (उम्र लगभग 62 वर्ष) एवं शिवेन्द्र तिवारी (उम्र लगभग 55 वर्ष), सुयश तिवारी (उम्र लगभग 30 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
आरोपी गिरफ्तार, उसके पास से पिस्टल बरामद
पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थानीय पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की गई तथा फायरिंग करने के आरोपी ऋषभ शुक्ला (उम्र लगभग 30 वर्ष) को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल एवं 04 अदद खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में अन्य आवश्यक वैधानिक एवं विधिक कार्यवाही प्रचलित है। वर्तमान में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद से राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में दहशत फैल गई। दिन के समय में दो गुटों के बीच फायरिंग से हर कोई डरा हुआ है। गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
