22 October, 2026 (Thursday)

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस की ना, क्या कैंसिल होगा 30 अक्टूबर का शो?

दिलजीत दोसांझ के फैंस को झटका लगा है। 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी।
पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड स्टार दिलजीत दोसांझ के फैंस को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में 30 अक्टूबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह शो राजधानी के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाना था, जिसके लिए फैंस काफी उत्साहित थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी। ऐसे में अब दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। फिलहाल, इस फैसले के बाद शो के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

दिल्ली पुलिस ने खतरे से जुड़े इनपुट का दिया हवाला
बुकमायशो को भेजे गए आधिकारिक पत्र में दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार करने की वजह स्पष्ट की है। पत्र के मुताबिक बुकमायशो ने 14 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आवेदन दिया था। पुलिस ने आवेदन की समीक्षा करने के बाद बताया कि उसे विशेष खतरे से संबंधित इनपुट मिले हैं। इसके अलावा त्योहारों का मौजूदा सीजन और अन्य महत्वपूर्ण कानून-व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारियां भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से चुनौती पेश कर रही हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने में असमर्थता जताई है। इस फैसले के बाद दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *