22 October, 2026 (Thursday)

हापुड़ में CNG पंप पर हंगामा, पंप कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा, CCTV में कैद घटना

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के सरोपुर गांव के पास स्थित एक CNG पंप पर सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने को लेकर विवाद हो गया।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में CNG सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे के किनारे एक CNG पंप पर कार चालक और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद चालक ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया और पंप कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में पंप के सुपरवाइजर समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। मारपीट की पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
मामला गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में सरोपुर गांव के पास स्थित CNG पंप का है। पंप मैनेजर कासिब के मुताबिक, वैठ गांव का एक युवक अपनी कार में CNG भरवाने पहुंचा था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने निर्धारित मानकों के तहत कार के CNG सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट दिखाने को कहा। आरोप है कि दस्तावेज दिखाने के बजाय चालक कर्मचारियों से बहस करने लगा और गाली-गलौज शुरू कर दी।

देखते ही देखते पंप पर मच गई अफरा-तफरी
कर्मचारियों और चालक के बीच विवाद बढ़ने पर आरोपी ने फोन कर अपने परिचितों और अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि वहां पहुंचे लोगों ने पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते पंप परिसर में लाठी-डंडे चलने लगे और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस हमले में पंप के सुपरवाइजर मनीष और कर्मचारी दीपेंद्र घायल हो गए। CCTV फुटेज में परिसर में लोगों की भीड़ और मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के दौरान कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते भी नजर आते हैं, लेकिन विवाद शांत नहीं हो सका। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस पीड़ित पक्ष की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *