21 October, 2026 (Wednesday)

Tiger Shroff Case update: लॉरेंस बिश्नोई गैंग में लड़कियां भी शामिल हैं? गिरफ्तार की गईं राधा-बबीता कौन हैं

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी हैं।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की साजिश की जांच मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस हमले से संबंधित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने उन हथियारों का इंतजाम करने और उन्हें पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जिनका इस्तेमाल टाइगर श्रॉफ पर हमला करने के लिए तीनों हमलावरों ने किया था।

कौन हैं राधा और बबीता

जानकारी के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ी थीं राधा और बबीता। दोनों लड़कियां गैंग के लिए कूरियर का काम करती थीं। राधा और बबीता यूपी की रहने वाली हैं और इन्होंने ही मुंबई के दादर में गैंग के हैंडलर्स को हथियारों की बड़ी खेप सौंपी थी। आरोप है कि कुणाल और सुमित ने हथियारों का इंतजाम किया था, जबकि राधा और बबीता मुंबई के दादर जाकर उन हथियारों को तीन लोगों को सौंप दिया था। मुंबई पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है। स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने आज चार आरोपियों कुनाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
आरोपियों को BNSS की धारा 35(1)(b) के तहत कलंदरा के जरिए अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई ने आरोपियों से हिरासत में पूछताछ और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत ने इसकी मंजूरी दे दी। बाद में मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

टाइगर श्रॉफ पर रविवार को हुआ था हमला
अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ रविवार शाम मुंबई के जुहू में फुटबॉल खेलने गए थे। जब उनकी बीएमडब्ल्यू कार गेट पर जमा प्रशंसकों के बीच से गुजर रही थी, तभी दो लोगों ने सामने से गाड़ी पर फायरिंग कर दी। उन्होंने 6-7 राउंड गोलियां चलाईं। हमलावरों में से एक अभिनेता के बिल्कुल करीब था और सीधे उन पर निशाना साध रहा था। किस्मत से, जब उसने ट्रिगर दबाया तो उसकी बंदूक जाम हो गई, जिससे टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए। इस हमले में अभिनेता का ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

तीन शूटर राजस्थान से हुए थे गिरफ्तार
इससे पहले इस हफ्ते, हमलावरों, बिहार के ऋतिक उर्फ ​​रोशन (22), और हरियाणा के रेहान (18) व फूल सिंह (18) को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। वे नेपाल भागने की फिराक में थे। बताया जा रहा है कि इन तीनों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है। इस गैंग ने अभिनेता पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। माना जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ की एक खास अभिनेता से करीबी के कारण निशाना बनाया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *