19 October, 2026 (Monday)

लव स्टोरी का ऐसा खौफनाक अंत, गर्भवती प्रेमिका को मारकर फरार हुआ प्रेमी, दोनों पहले से ही शादीशुदा थे

राजस्थान के अलवर जिले में एक लव स्टोरी का खौफनाक अंत देखने को मिला है। यहां एक गर्भवती प्रेमिका को मारकर उसका प्रेमी फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों पहले से ही शादीशुदा थे।
राजस्थान के अलवर जिले से प्रेम-प्रसंग में हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, अलवर के नाहरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 28 वर्षीय कुमकुम की उसके प्रेमी योगेश चौधरी (25) ने कथित तौर पर हत्या कर दी। कुमकुम और योगेश उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले थे और पिछले डेढ़ साल से अलवर में किराए के मकान में रह रहे थे। आइए जानते हैं कि इस घटना के बारे में क्या जानकारी सामने आई है।

दोनों ही पहले से शादीशुदा थे
सामने आई जानकारी के अनुसार, मृतका कुमकुम और उसका प्रेमी योगेश चौधरी दोनों ही पहले से शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे हैं। कुमकुम अपने पति और बच्चों को छोड़कर योगेश के साथ रह रही थी। वह सोशल मीडिया पर रील बनाती थी, जबकि उसका प्रेमी योगेश प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता था। हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला कर रख दी है। बता दें कि इससे पहले अलवर जिले के खेड़ली में भी एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने धारदार हथियार से पहले अपने दो मासूम बच्चों को मौत की घाट उतारा और फिर खुद आत्महत्या कर ली।

कुमकुम की गर्दन पर निशान पाए गए
घटना का खुलासा तब हुआ, जब कुमकुम कई घंटों तक कमरे में पलंग पर पड़ी रही और कोई हलचल नहीं हुई। सूचना पर मकान मालिक मौके पर पहुंचा तो वह मृत मिली। पुलिस को घटनास्थल से टूटा हुआ मोबाइल फोन और कमरे में अलग-अलग जगहों पर बाल मिले। कुमकुम की गर्दन पर निशान भी पाए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पहले विवाद हुआ और इसके बाद कुमकुम की हत्या कर दी गई। मृतका पांच महीने की गर्भवती थी, जबकि योगेश की पत्नी भी गर्भवती बताई जा रही है। दोनों के बीच आए दिन विवाद होने की बात भी सामने आई है।

हत्या के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद से योगेश चौधरी फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। उद्योग नगर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर कुमकुम के परिजन अलवर पहुंचे। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed