अमृतसर एयरपोर्ट के पास दिखे ड्रोन, तीन उड़ानें डायवर्ट; यात्रियों में हड़कंप
अमृतसर में एयरपोर्ट के पास ड्रोन दिखने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि थोड़ी देर बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पंजाब के अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास ड्रोन एक्टिविटी की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। यह सूचना रविवार रात करीब 9 बजे राजासांसी के नजदीक एक गांव में ड्रोन एक्टिविटी देखे जाने के संबंध में मिली थी। इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
इन फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट
डायवर्ट की गई उड़ानों में एयर इंडिया, इंडिगो और मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट शामिल हैं। एयर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर आ रही फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वहीं, इंडिगो की मुंबई से अमृतसर आने वाली फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इसके अलावा, कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-118 को दिल्ली भेजा गया।
रात 10:30 बजे के बाद सामान्य हुई स्थिति
हालांकि एयरपोर्ट के डायरेक्टर अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि रात को ड्रोन एक्टिविटी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई थी।
अचानक सूचना मिलने से यात्री हुए परेशान
उड़ानों के डायवर्ट होने के बाद यात्रियों की ओर से हंगामा किए जाने संबंधी सवाल पर एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में लोग घबरा जाते हैं और नाराज भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति को देखते हुए उड़ानों को डायवर्ट करने का फैसला लिया गया था। इसकी सूचना यात्रियों को अचानक देनी पड़ी, जिसके कारण कुछ समय के लिए यात्रियों में नाराजगी रही। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
पिछले महीने भी दिखे थे ड्रोन
बता दें कि इससे पहले पिछले महीने भी अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन एक्टिविटी की सूचना मिली थी। इस दौरान सात उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया था। जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में दो से चार संदिग्ध ड्रोन दिखे थे। रनवे के आस-पास संदिग्ध गतिविधि दिखते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने अलर्ट जारी किया। इसके बाद सुरक्षा के चलते 7 उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट कर दिया। प्राथमिक सूचना के अनुसार, संदिग्ध ड्रोन/उड़ती जैसी वस्तुएं गांव रजाला की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती दिखाई दीं। ड्रोन कुछ मिनटों तक रनवे और आस-पास के संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे।
