10 October, 2026 (Saturday)

₹1,78,88,360 का सोना बैगेज ट्रॉली के नीचे, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 2 यात्रियों की हैरान करने वाली चाल फेल

बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर DRI ने कुआलालंपुर से आए 2 यात्रियों को पकड़ा गया और उनकी ट्रॉलियों के नीचे छिपाए गए 1.20 किलोग्राम के सोने के बिस्कुट जब्त किए गए। दोनों यात्रियों ने सोने को बड़ी चालाकी से छिपा रखा था।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 2 यात्रियों को पकड़ा गया है। डायरेक्टोरेट ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI), बेंगलुरु जोनल यूनिट ने दोनों के पास से ₹ 1,78,88,360 कीमत का 1,200.40 ग्राम सोना ज़ब्त किया है। दोनों यात्रियों ने सोने के पैकेट को बड़ी ही चालाकी के साथ छुपा रखा था लेकिन इन्हें फिर भी पकड़ा लिया गया है।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
खास जानकारी के आधार पर, कुआलालंपुर से बेंगलुरु आ रहे 2 यात्रियों पर कड़ी नज़र रखी गई। निगरानी के दौरान, यात्रियों को बैगेज ट्रॉली के नीचे सोने से भरे पैकेट चिपकाते और फिर ट्रॉली से दूर जाते हुए देखा गया। यह तरीका इसलिए अपनाया गया ताकि तस्करी का सोना कस्टम्स के जरिए खुद न ले जाया जा सके।

कहां छुपा रखा था सोना?
छिपाया हुआ सोना जानबूझकर बैगेज ट्रॉलियों से चिपका कर छोड़ दिया गया था, जिसका इस्तेमाल बाद में भोले-भाले और अनजान यात्रियों ने अपना सामान ले जाने के लिए किया। जिन यात्रियों ने सोना छिपाया था, उन्हें ऐसे अनजान यात्रियों और ट्रॉलियों का पीछा करते और उन पर नज़र रखते हुए देखा गया। ऐसा लगता है कि उनका इरादा ट्रॉलियों को कस्टम-कंट्रोल्ड एरिया से आगे ले जाने और उसके बाद छिपाया हुआ सोना वापस लेने का था।
दो पैकेटों में छिपाए 12 सोने के बिस्कुट
DRI अधिकारियों ने ऑपरेशन को रोका और बैगेज ट्रॉलियों के नीचे लगे दो पैकेटों में छिपाए गए 12 सोने के बिस्कुट बरामद किए। बरामद सोना 999.9 फाइननेस (24-कैरेट) का पाया गया और उसका वजन 1,200.40 ग्राम था, जिसकी कीमत ₹1,78,88,360 थी। सोना, छिपाने का सामान और छिपाने के लिए इस्तेमाल की गई बैगेज ट्रॉलियों को कस्टम एक्ट, 1962 के नियमों के तहत जब्त कर लिया गया। आगे की जांच चल रही है।

आपको बता दें कि इससे पहले हाल ही में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दो यात्रियों के पास से करीब 260 ग्राम गोल्ड मेटल पाउडर बरामद किया गया था। ‘वैल्यूएबल रूम’ में बारीकी से जांच करने पर, उनकी पैंट में कमर के पास वाले हिस्से से दो पैकेट मिले जिनमें सोने जैसा मेटल पाउडर था। दोनों यात्रियों को अधिकारियों ने फ्लाइट से उतारकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed