08 October, 2026 (Thursday)

रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में उतरेगी भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही मैच में दी थी बड़ी हार

भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहले ही मैच में भारतीय टीम को 125 रनों से हार मिली थी, अब सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार 9 ​अक्टूबर को खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया ए क्रिकेट टीम इस वक्त भारत के दौरे पर है, यहां तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है, जो कि अनाधिकारिक हैं। इस सीरीज के दौरान भारतीय ए टीम की कमान रुतुराज गायकवाड संभाल रहे हैं। पहले ही मैच में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब टीम दूसरे मैच के लिए तैयारी कर रही है, जो कि पुडुचेरी में खेला जाएगा। पहले मैच में भारत के लिए इंटरनेशनल मैच खेल चुके खिलाड़ी मैदान में उतरे, लेकिन कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सके।

सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को मिली थी 125 रनों की करारी हार
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले मैच में भारतीय टीम को 125 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 48.2 ओवर में 274 रन बनाए थे, यानी भारत को जीत के लिए केवल 275 रन ही बनाने थे, लेकिन टीम 31.4 ओवर में केवल 149 रन पर ही आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से नाथन मैकस्वीनी ने 135 बॉल पर 123 रनों की पारी खेली और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

बड़े बड़े बल्लेबाज नहीं बना सके रन, रजत पाटीदार ने लगाया अर्धशतक
इस मैच में भारत के लिए ओपनिंग करने उतरे साई सुदर्शन केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 17 ही रन बना सके। देवदत्त पडिक्कल तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और शून्य पर आउट हो गए। कप्तान रुतुराज गायकवाड 30 बॉल पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रजत पाटीदार ने जरूर 51 बॉल पर 53 रनों की एक जुझारू पारी खेली, लेकिन वे अकेले टीम को जीत नहीं दिला सकते थे। बाकी कोई बड़ा बल्लेबाज रन नहीं बना सका।

सीरीज का दूसरा मैच 9 अक्टूबर को खेला जाएगा
इस वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर यानी शुक्रवार को होना है। इसके बाद आखिरी मुकाबला 11 अक्टूबर को होना है। भारतीय टीम की कोशिश होगी कि दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाया जाए, लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को भी जीत लिया तो फिर सीरीज हाथ से चली जाएगी। देखना होगा कि भारतीय बल्लेबाज और गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं।
इंडिया A का स्क्वाड: साई सुदर्शन, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अरशद खान, यश ठाकुर, प्रियांश आर्य, कुमार कुशाग्र, गुरजपनीत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी।

ऑस्ट्रेलिया A का स्क्वाड: मिशेल ओवेन, सैम कोंस्टास, जोश फिलिप (विकेट कीपर), नाथन मैकस्वीनी, लियाम स्कॉट, निखिल चौधरी, विल सदरलैंड (कप्तान), टॉड मर्फी, स्पेंसर जॉनसन, रिले मेरेडिथ, महली बियर्डमैन, बेन ड्वारशुइस, एरॉन हार्डी, जैक एडवर्ड्स, तनवीर संघा, लैचलन शॉ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *