06 October, 2026 (Tuesday)

गुजरात के विधायक ने बंगला धोने के लिए बुला ली फायर ब्रिगेड, VIDEO वायरल; दुरुपयोग को लेकर छिड़ी बहस

गुजरात के एक विधायक ने अपना बंगला धोने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुला ली। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं फायर ब्रिगेड के दुरुपयोग को लेकर बहस छिड़ गई है। हालांकि अधिकारियों ने इसपर सफाई भी दी है।
गुजरात में बीजेपी विधायक बच्चूभाई खाबड़ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, हाल ही में कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें देवगढ़ बारिया नगरपालिका की फायर ब्रिगेड की गाड़ी को विधायक बच्चूभाई खाबड़ के बंगले की सफाई करते हुए देखा गया। इन वीडियो में धनपुर तालुका में बच्चूभाई खाबड़ के घर पर पानी का छिड़काव होते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर इन वीडियो के वायरल होने के बाद, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के दुरुपयोग को लेकर बहस छिड़ गई है। नगर पालिका के एक कर्मचारी के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश कलाल के निर्देश पर विधायक के आवास पर दमकल की गाड़ी भेजी गई थी। बताया गया कि यह गाड़ी रविवार को सफाई के काम के लिए वहां गई थी। बता दें कि बच्चूभाई खाबड़ पंचायत और कृषि विभाग के पूर्व राज्य मंत्री हैं।
2700 रुपये की ली गई फीस
ANI के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने MLA बच्चूभाई खाबड़ से ₹2,700 का शुल्क लिया। अधिकारियों के मुताबिक, गाड़ी का मकसद पता चलने पर उन्होंने तुरंत फायर टेंडर को वापस बुला लिया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चूभाई खाबड़ की कॉल के बाद गाड़ी भेजी गई थी और उन्हें शुरू में यह नहीं पता था कि इसका इस्तेमाल बंगले की सफाई के लिए किया जाएगा। धर्मेश कलाल ने कहा कि फायर डिपार्टमेंट आम तौर पर बिना मकसद पूछे ही कॉल पर कार्रवाई करता है, और इस मामले में कॉल एक चुने हुए प्रतिनिधि की तरफ से आई थी। उन्होंने यह भी कहा कि बिलिंग की प्रक्रिया में देरी हुई क्योंकि यह घटना रविवार को हुई थी।

जानकारी मिलने पर रोका गया ऑपरेशन
वहीं देवगढ़ बारिया म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फायर ऑफिसर मयूर सिंह चौहान ने कहा, “कल दोपहर मुझे हमारे चीफ, धर्मेश-भाई का फोन आया, जिसमें पिपेरो गांव से आई एक कॉल के बारे में बताया गया; मुझे फायर टेंडर भेजने का निर्देश दिया गया। मैंने अपने सीनियर को कॉल के बारे में बताया और फायर गाड़ी भेज दी। जब गाड़ी पिपेरो गांव में MLA के घर पहुंची, तो उनके साथियों ने हमसे घर धोने के लिए कहा, और खास तौर पर सामने से धोने का निर्देश दिया। इसके बाद, मेरे स्टाफ ने मुझे फोन करके बताया कि यह एक झूठी कॉल थी और हमसे घर धोने के लिए कहा जा रहा था। मैंने ऑपरेशन रोक दिया और तय शुल्क वसूल किया। हमारे अधिकारी इस झूठी कॉल की आगे जांच करेंगे।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed