03 October, 2026 (Saturday)

CJP आंदोलन में चौंकाने वाली घटना, 75 साल के बुजुर्ग को हार्ट अटैक, अस्पताल ले जाते-ले जाते जान चली गई

मुंबई के शिवाजी पार्क में चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मौके पर ही उन्हें सीपीआर देने की कोशिश भी की गई, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दिल्ली के बाद अब मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है और इस आंदोलन के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने भीड़ जुटाई। आज महात्मा गांधी की जयंती के दिन ही सीजेपी ने मुंबई के शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, इस बीच एक चौंकाने वाली घटना घटी है।

CJP की ओर से आयोजित प्रदर्शन को देखने पहुंचे 75 वर्षीय गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई को हार्ट अटैक आया और उन्हें सीपीआर दिए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इस बीच, जानकारी मिली है कि बुजुर्ग की मौत हो गई है।

4:30 बजे प्रदर्शन में पहुंचे, 5 बजे सीने में दर्द की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, गोपालकृष्ण आज शाम करीब 4:30 बजे प्रदर्शन देखने पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे उनके सीने में दर्द की शिकायत हुई। मौके पर ही उन्हें सीपीआर देने की कोशिश भी की गई। इसके बाद उनके दोस्त और पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें इलाज के लिए शिवाजी पार्क स्थित सुश्रुषा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। वह ठाणे के दोस्ती वेस्ट काउंटी (बी विंग) के रहने वाले थे।

दीपके ने प्रदर्शनकारियों को जेल भेजने की चुनौती दी
इससे पहले CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में जुटे प्रदर्शनकारियों को जेल भेजने की चुनौती दी। दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इतनी अक्षम है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के 2 महीने के भीतर ही उन्हें एक और प्रदर्शन करना पड़ा।

वहीं, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली से मुंबई तक हुए प्रदर्शन में कई फिल्मी सितारों ने हाजिरी लगाई। मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP के प्रदर्शन में शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह और अन्य फिल्मी हस्तियां भी पहुंचीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed