10 September, 2026 (Thursday)

90s में टॉप हीरोइन नगमा का था जलवा, सलमान-शाहरुख संग दीं हिट पर हिट, अब सालों बाद आईं नजर, पहचानना हुआ मुश्किल

90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री नगमा लंबे समय बाद CINTAA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आईं। बदले लुक पर सोशल मीडिया में चर्चा हुई, वहीं फैंस ने बॉडी-शेमिंग के बजाय उनका समर्थन किया और फिल्मी वापसी की उम्मीद जताई।
बॉलीवुड में 90 के दशक में बड़े पर्दे पर अपनी खूबसूरती और अदाकारी से खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नगमा लंबे वक्त से लाइमलाइट से दूर हैं। ऐसे में जब वह बुधवार को CINTAA की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आईं तो उनकी मौजूदगी ने अचानक सोशल मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार्यक्रम से सामने आए वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गए और पुराने दौर के फैंस के बीच अभिनेत्री को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। नगमा को 90 के दशक की चर्चित और ग्लैमरस अभिनेत्रियों में गिना जाता था। हालांकि, इस बार जब लोगों ने उन्हें लंबे समय बाद देखा तो उनके बदले हुए लुक को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स अभिनेत्री को पहचान तक नहीं पाए। वहीं, कई ऐसे लोग भी थे जिन्होंने नगमा के बदले हुए रूप पर टिप्पणी करने के बजाय उनका समर्थन किया और कहा कि उम्र के साथ शरीर में बदलाव होना बिल्कुल स्वाभाविक है।
सोशल मीडिया पर आईं मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
नगमा के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने उनके बढ़े हुए वजन पर हैरानी जताई और पुराने दिनों को याद किया। एक यूजर ने लिखा कि नगमा ने काफी वजन बढ़ा लिया है, लेकिन वह अब भी खूबसूरत हैं और उन्हें उनकी पुरानी फिल्में देखना पसंद था। वहीं एक अन्य यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या वीडियो में नजर आ रही महिला नगमा ही हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर हर प्रतिक्रिया निगेटिव नहीं थी। कई लोगों ने अभिनेत्री को बॉडी-शेम करने की सोच पर सवाल उठाया। एक यूजर ने लिखा कि आखिर लोग हर किसी की तुलना पुराने रूप से क्यों करते हैं। उम्र बढ़ने के साथ इंसान के शरीर और चेहरे में बदलाव आना जिंदगी का सामान्य हिस्सा है। इस तरह की प्रतिक्रियाओं ने नगमा के प्रति फैंस के एक अलग और सकारात्मक पक्ष को भी सामने रखा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed