04 September, 2026 (Friday)

एयर इंडिया की जो फ्लाइट हवा में अचानक 300 फीट नीचे आई थी, उसके पायलट के खिलाफ एक्शन; डोप टेस्ट में हुआ था फेल

एयर इंडिया फुकेट फ्लाइट घटना के मामले में प्रारंभिक रिपोर्ट आ गई है। AAIB ने पायलट के मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि होने पर गंभीर चिंता जताई है। ये पायलट डोप टेस्ट में फेल हो गया था।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी AAIB ने आज (शुक्रवार को) बताया कि एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के मुख्य पायलट की जांच में उसकी तरफ से मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है और ये ‘गंभीर चिंता का विषय’ है। इस मामले में AAIB ने नियामक नागर विमानन महानिदेशालय यानी DGCA से उचित कार्रवाई करने की सिफारिश कर दी है।

हवा में अचानक 300 फीट नीचे आ गई थी फ्लाइट
AAIB ने 4 अगस्त की घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट रिलीज करते हुए कहा कि मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। तब फ्लाइट अचानक 300 फीट नीचे आ गई थी, जिसकी वजह से कई लोग घायल हो गए थे। AAIB ने अपनी अंतरिम सुरक्षा सिफारिश में कहा, ‘चालक दल के एक मेंबर की Psychoactive Substance से जुड़ी जांच रिपोर्ट ‘निगेटिव नहीं’ आने को देखते हुए DGCA से ऐसे पदार्थों के प्रयोग को रोकथाम के लिए उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की जाती है।’

इस घटना में 24 लोग हो गए थे घायल
फुकेट से दिल्ली की फ्लाइट AI 2379 का संचालन एयरबस A320-251N फ्लाइट से किया जा रहा था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-EXO था। फ्लाइट में 2 पायलट और क्रू के 6 मेंबर्स सहित कुल 145 लोग सवार थे। 10 पेज की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद 24 लोगों को मेडिकल हेल्प दी गई थी, जिनमें से 4 को गंभीर चोटें आई थीं।

‘निगेटिव नहीं’ आई मादक पदार्थ से जुड़ी रिपोर्ट
AAIB ने कहा कि इस केस की पुष्टि के लिए की गई पड़ताल में मुख्य पायलट की Psychoactive Substance से जुड़ी रिपोर्ट ‘निगेटिव नहीं’ पाई गई। उसने कहा, ‘Psychoactive Substance के सेवन की पुष्टि गंभीर चिंता का मुद्दा है और AAIB ने DGCA से प्रॉयरिटी के आधार पर उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की है।’

विमान को करना पड़ा था टर्बुलेंस का सामना
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने कहा कि शुरू में उसे सूचना दी गई थी कि फ्लाइट को दिल्ली जाते वक्त ‘टर्बुलेंस’ का सामना करना पड़ा था। इकट्ठा किए गए सबूतों और फ्लाइट में सवार लोगों को लगी चोटों के आकलन के बेस पर इस घटना को दुर्घटना की कैटेगरी में रखा गया।

चालक दल और उड़ान दल के मेंबर्स से अलग-अलग की गई पूछताछ
जांच एजेंसी अलग-अलग पक्षों से जुटाए गए आंकड़ों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। AAIB ने कहा, ‘जांच दल ने चालक दल और उड़ान दल के मेंबर्स से दिल्ली एयरपोर्ट पर बातचीत की। जांच दल ने उड़ान दल के दोनों सदस्यों से इसके बाद अलग से पूछताछ की।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *