21 October, 2026 (Wednesday)

माइकल हसी ने ठुकराया इंग्लैंड का ऑफर, टेस्ट टीम का बैटिंग कोच बनने से किया इनकार

इंग्लैंड क्रिकेट टीम का कोचिंग स्टाफ बड़े बदलाव से गुजर रहा है। हाल ही में स्टीफन फ्लेमिंग ने टेस्ट टीम का हेड कोच पद संभाला। अब एक बड़ी खबर सामने आई है।
इंग्लैंड की टेस्ट टीम में नए दौर की शुरुआत से पहले ही बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB का वह प्रस्ताव ठुकरा दिया है, जिसमें उन्हें टीम का बैटिंग कोच बनने की जिम्मेदारी देने की पेशकश की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के नए टेस्ट हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग और ECB ने हसी से इस पद के लिए संपर्क किया था। हसी पहले भी फ्लेमिंग के साथ चेन्नई सुपर किंग्स में काम कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के साथ जुड़ने के बजाय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का प्रस्ताव स्वीकार करने का फैसला किया।

द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि हसी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंट की भूमिका निभाएंगे। इस व्यवस्था से उन्हें अपने अन्य पेशेवर काम जारी रखने की पूरी आजादी मिलेगी। हसी द हंड्रेड और दूसरे फ्रेंचाइजी टूर्नामेंटों में कोचिंग के अलावा ऑस्ट्रेलिया में फॉक्स स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री और स्पेशलिस्ट के तौर पर भी काम करते हैं।

हसी का इंग्लिश टीम से पुराना नाता
माइकल हसी का इंग्लैंड क्रिकेट से पुराना नाता रहा है। वह 2022 में ऑस्ट्रेलिया में खेले गए ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड टीम के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंट के रूप में जुड़े थे। उस टूर्नामेंट में इंग्लैंड ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

अब खबर है कि ECB टेस्ट टीम के बैटिंग कोच के रूप में मार्कस ट्रेस्कोथिक को बरकरार रखने पर विचार कर सकता है। ट्रेस्कोथिक फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के कार्यवाहक हेड कोच की भूमिका निभा रहे हैं और उनकी देखरेख में टीम ने पहले दो टेस्ट में बड़ी जीत दर्ज की है।

इंग्लैंड के सामने बड़ी चुनौती
जुलाई में इंग्लैंड का टेस्ट हेड कोच नियुक्त किए गए स्टीफन फ्लेमिंग दिसंबर 2026 में साउथ अफ्रीका दौरे से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इंग्लैंड को इसके बाद 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक मुकाबलों और घरेलू एशेज सीरीज की तैयारी करनी है। ऐसे में फ्लेमिंग की कोचिंग टीम में बैटिंग कोच की नियुक्ति ECB के लिए अहम फैसला साबित होने वाली है। फिलहाल इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। 2 मैच जीतकर इंग्लैंड सीरीज में अजेय बढ़त बना चुकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed