01 September, 2026 (Tuesday)

इंडिया सीरीज के लिए हुआ ऑस्ट्रेलिया A टीम का ऐलान, भारतीय मूल के 2 खिलाड़ियों को मिली जगह

ऑस्ट्रेलिया A टीम के भारत दौरे का ऐलान हो गया है, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर से होगी। इस दौरे पर दो 4-दिवसीय और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। सीरीज के ये सभी मुकाबले पुदुचेरी में खेले जाएंगे।
2027 में खेले जाने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तैयारियों को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपने भारत दौरे के लिए ‘ए’ टीम का ऐलान कर दिया है। 22 सितंबर से शुरू हो रहे इस दौरे में दोनों टीमों के बीच पहले दो 4-दिवसीय मैच और उसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इस टीम में अनुभवी बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब को भी जगह मिली है। वह इस टीम में सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और इस सीरीज में वो अच्छा प्रदर्शन करके टेस्ट टीम में वापसी करने की पूरी कोशिश करेंगे।

ब्रेंडन डॉगेट और झाय रिचर्डसन को मिली टीम में जगह
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड में तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट और झाय रिचर्डसन को भी जगह मिली है, जो पिछली एशेज सीरीज का हिस्सा थे। इसके अलावा, तीन वनडे मैचों की सीरीज में गेंदबाजी की कमान महली बियर्डमैन और स्पेंसर जॉनसन के हाथों में होगी। कंधे की बड़ी सर्जरी के बाद वापसी कर रहे रिचर्डसन ने हाल ही में 7 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें उन्हें सिर्फ 6 विकेट मिले हैं। वह इंडिया ए के खिलाफ भी जबरदस्त प्रदर्शन कर सेलेक्टर्स को इम्प्रेस करने की कोशिश करेंगे।

निखिल चौधरी और तनवीर सांघा भी हैं स्क्वॉड का हिस्सा
ऑस्ट्रेलिया A की वनडे टीम में भारतीय मूल के दो खिलाड़ी निखिल चौधरी और तनवीर सांघा को मौका दिया गया है। इनके अलावा युवा खिलाड़ी ओली पीक और कूपर कोनोली को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है। तनवीर सांघा की बात करें तो उन्होंने अब तक 6 वनडे और 7 T20I खेले हैं। वह अब तक वनडे में 4 और T20I में 10 विकेट ले चुके हैं। निखिल चौधरी अब तक सिर्फ 3 T20I मैच खेलने में कामयाब रहे हैं, जहां उन्हें दो सफलता मिली है।

दो चार दिवसीय मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया ए का स्क्वॉड
ब्रेंडन डॉगेट, जैक एडवर्ड्स, पीटर हैंड्सकॉम्ब, सैम हार्पर, लियाम हैचर, कैंपबेल केलावे, सैम कॉन्स्टास, नाथन मैकस्वीनी, टॉड मर्फी, फर्गस ओ’नील, जोश फिलिप, झाय रिचर्डसन, कोरी रोचिसिओली, जेसन सांघा, लियाम स्कॉट

ऑस्ट्रेलिया ए की वनडे टीम
महली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, एरन हार्डी, स्पेंसर जॉनसन, सैम कॉन्स्टास, नाथन मैकस्वीनी, टॉड मर्फी, मिच ओवेन, जोश फिलिप, तनवीर सांघा, लियाम स्कॉट, लचलान शॉ

भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया ए का पूरा शेड्यूल
22-25 सितंबर: पहला चार-दिवसीय मैच, पुडुचेरी
29 सितंबर-2 अक्टूबर: दूसरा चार-दिवसीय मैच, पुडुचेरी
6 अक्टूबर: पहला वनडे मैच, पुडुचेरी
9 अक्टूबर: दूसरा वनडे मैच, पुडुचेरी
11 अक्टूबर: तीसरा वनडे मैच, पुडुचेरी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed