26 August, 2026 (Wednesday)

बच्चों को बहता देख नदी में कूद पड़ीं दो हथिनियां, तेज धारा में सभी बह गए; VIDEO आया सामने

बहराइच में पांच हाथियों का कुनबा नदी में बहता दिखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए हाथियों को रेस्क्यू कराया। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया जो अब सामने आया है।
बहराइच: यूपी के बहराइच जिले के कतरनियाघाट इलाके में पांच हाथियों का झुंड नदी में बहता हुआ दिखा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो स्थानीय लोगों ने बनाया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए नदी का फ्लो कम कराया, जिसके बाद सभी हाथी नदी के किनारे पहुंचे। वहीं किनारे आने के बाद वन विभाग ने सभी हाथियों को वन की तरफ भेज दिया। बताया जा रहा है कि तीन बच्चों को नदी में बहता देख दो हथिनियां नदी में उतर गईं और वो भी बहने लगीं। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं।
नदी में बहता दिखा हाथियों का कुनबा
दरअसल, बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र का यह मामला बताया जा रहा है। यहां के कतरनियाघाट स्थित सदर चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के पास कौड़ियाला या गेरुआ नदी की ओर से पांच हाथियों का झुंड बहता हुआ दिखा। वहीं ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पांच हाथियों को नदी में बहता हुआ देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया और वन विभाग को भी इसकी सूचना दी। इस दौरान वन विभाग और ग्रामीणों की सतर्कता से हाथियों का झुंड किसी तरह से बाहर निकल पाया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया।

हाथियों के बहने का वीडियो आया सामने
घटना की जानकारी देते हुए रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि यह घटना आज सुबह साढ़े 10 बजे की है, जब हमें सूचना मिली कि कुछ हाथी कौड़ियाला नदी में बहते हुए देखे गए। मौके पर पहुंचकर हमने देखा तो उसमें तीन शावक और दो एडल्ट हाथी नदी में बह रहे थे। नदी का फ्लो ज्यादा होने की वजह से हाथियों के शावक पानी में बहने लगे। आम तौर पर हाथी अच्छे तैराक होते हैं, लेकिन फ्लो अधिक होने की वजह से हाथी बहने लगे।
पानी का फ्लो कम करके किया गया रेस्क्यू
उन्होंने बताया कि तीन शावकों को बहता देख दो एडल्ट हाथी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। हालांकि डैम से पानी का फ्लो कम किया गया, जिसके बाद हाथी आराम से किनारे आए। फिलहाल सभी हाथी सुरक्षित रूप से जंगल की ओर निकल चुके हैं। रेंजर आशीष गौड़ ने कहा कि हाथी किस दिशा से आए, इसकी अभी वन विभाग की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। इस पूरे अभियान में ग्रामीणों का सहयोग बेहद सराहनीय रहा। फिलहाल हाथियों से जुड़ी इस घटना का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed