17 August, 2026 (Monday)

मुंबई के आयकर भवन के बेसमेंट में लगी आग, मची अफरा-तफरी; फायर ब्रिगेड मौके पर

मुंबई के आयकर भवन के बेसमेंट में आग लगने की घटना सामने आई। मुंबई फायर ब्रिगेड को सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
महाराष्ट्र के मुंबई के महार्षि कर्वे रोड स्थित आयकर भवन में सोमवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। आग भवन के बेसमेंट में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को दोपहर करीब 2:01 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। करीब 2:10 बजे आग को लेवल-1 घोषित किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस, BEST, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ को भी मौके पर तैनात किया गया है। दमकलकर्मी आग बुझाने के साथ-साथ स्थिति का जायजा लेने में जुटे हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान की भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड की कार्रवाई जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
कांदिवली में चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी आग
एक अन्य खबर में, मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार तड़के एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दमकलकर्मियों ने समय रहते इमारत से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक, कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में सोमवार सुबह करीब 4 बजकर 14 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम चार गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग के कारण पूरी इमारत धुएं से भर गई थी। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल पर स्थित एक ‘लॉजिंग हाउस’ से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अधिकारी के अनुसार, आग मुख्य रूप से इमारत में बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस एवं एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी चादरों तक सीमित रही। राहत की बात यह रही कि आग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6 बजकर 7 मिनट तक आग पर काबू पा लिया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। (इनपुट- ANI/PTI)

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *