17 October, 2026 (Saturday)

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए युवक की मौत, विधायक ने लगा दी अफसरों की क्लास

बुलंदशहर में करंट लगने से 20 साल के युवक की मौत हो गई है। इसके बाद, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान, खुर्जा विधायक भी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों की क्लास लगाई।
यूपी के बुलंदशहर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 20 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। ये मामला थाना जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव परोरी में हुआ है। करंट लगने से नीरज पुत्र किशोरी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। फिर, युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर पहुंचकर रोड पर जाम लगा दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। फिर, रोड जाम की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की।

खुर्जा विधायक ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी
इसके बाद खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। एसडीओ को सस्पेंड और जेई को हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी से बात की।
नीरज की मौत के बाद परिवार में छाया मातम
गौरतलब है कि नीरज की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया। इस दौरान, मौके पर तनाव और गम का माहौल दिखा। ग्रामीणों ने खुर्जा-जेवर मार्ग को जाम किया था। करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद, खुर्जा CO के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

बिजली विभाग ने दिया तारों को बदलने का आश्वासन
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि आज गांव परौरी थाना जहांगीरपुर में बिजली के करंट लगने से एक लड़के की मृत्यु हो गई थी। इस दुर्घटना की वजह से गांव के लोग यहां गांव के बाहर सड़क पर एकत्रित हुए थे। बिजली विभाग के द्वारा आर्थिक सहायता और तारों को बदले जाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद ग्रामीणों में सहमति बनी और यहां से जो जाम उन्होंने लगाया था वो खोल दिया गया है। अभी इस वर्तमान में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और बाकी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बदायूं में भी करंट लगने से हो गई थी एक शख्स की मौत
इससे पहले, बदायूं में शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं। यहां बिजली के तार से एक की मौत हो गई थी और पांच लोग झुलस गए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed