31 July, 2026 (Friday)

इंदौर में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, शराब के नशे में हुए विवाद में ईंट से कुचलकर की थी हत्या, आरोपी रायसेन से गिरफ्तार

इंदौर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में महेश मालवीय की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी थी।
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के सेन्ट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में एक व्यक्ति की ईंट से सिर कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। शातिर आरोपी न तो मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था और न ही किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था, जिससे उसे ट्रेस करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। हालांकि, इंदौर पुलिस की मुस्तैदी और तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक मुखबिर तंत्र के सटीक इस्तेमाल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उज्जैन के रहने वाले महेश मालवीय के रूप में हुई थी मृतक की पहचान
घटना की शुरुआत सेन्ट्रल कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त हुई, जब पुलिस को सरेराह एक व्यक्ति का लहूलुहान शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, तो मृतक की पहचान महेश मालवीय (निवासी इमाम बाग, उज्जैन) के रूप में हुई। सरेराह हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में सेन्ट्रल कोतवाली थाना पुलिस की एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसे जल्द से जल्द आरोपी को बेनकाब करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इंदौर, उज्जैन और भोपाल के 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाले
हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने एक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान इंदौर, उज्जैन और भोपाल शहर के लगभग 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही संदेह के आधार पर करीब 30 संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और ग्राउंड नेटवर्क की मदद से आखिरकार संदेही की पहचान रायसेन जिले के ग्राम नादौर निवासी आशीष उर्फ चन्द (पिता चेतराम गंगवाल) के रूप में हुई। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने रायसेन और उज्जैन के कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
मुखबिर की सूचना पर बायपास से दबोचा
जांच में सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी आशीष किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन या सोशल मीडिया अकाउंट का उपयोग नहीं करता था, जिससे उसकी डिजिटल लोकेशन ट्रेस कर पाना नामुमकिन था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। 30 जुलाई को पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इंदौर बायपास के पास देखा गया है। खबर मिलते ही सेन्ट्रल कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आशीष उर्फ चन्द को हिरासत में ले लिया। पुलिस कस्टडी में की गई कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

शराब की चुस्की के साथ शुरू हुआ विवाद हत्या पर खत्म हुआ
पूछताछ में वारदात की वजह का खुलासा करते हुए आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसका और मृतक महेश मालवीय का शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर आशीष ने पास में पड़ी एक भारी ईंट उठाई और महेश के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। महेश की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया था। मामले की जानकारी देते हुए जोन-3 के डीसीपी अभिषेक रंजन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *