LIVE: भोपाल में बड़ी संख्या में सड़कों पर किसान, CM हाउस को घेरने की तैयारी, कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित की
भोपाल में अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसान सड़कों पर उतर आए हैं। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है क्योंकि किसान सीएम हाउस का घेराव करना चाहते हैं।
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसानों की मांग है कि मूंग दाल की पूरी फसल सरकार MSP पर खरीदे। इसके अलावा किसान ये भी मांग कर रहे हैं कि खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। अपनी मांगों को लेकर किसानों की सीएम आवास घेरने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में जाम की स्थिति बनी थी इसलिए आज इस इलाके के तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है।
सीएम मोहन यादव का किसानों को लेकर सामने आया बयान
भोपाल: भोपाल में किसानों के विरोध-प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “हम किसानों के लिए पूरे राज्य में ‘कृषि कल्याण वर्ष’ मना रहे हैं। हम कई कदम उठा रहे हैं। मैंने किसानों से जुड़े एक मामले पर एक समिति बनाई है। यह समिति किसानों से बात करेगी। कल हमने राज्य के कृषि मंत्री को भेजा था। आज भी मंत्री और अधिकारी बातचीत करेंगे। सरकार किसानों के लिए सकारात्मक सुझावों का समर्थन करती है। लेकिन दोनों पक्षों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इससे आम जनता को परेशानी न हो। हम बातचीत के ज़रिए इस समस्या का समाधान निकालेंगे।”
किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया
किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया है। सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 2 बजे के बाद सीएम हाउस का घेराव होगा। वहीं किसानों केंद्रीय कृषि मंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना की सद्बुद्धि के लिए लगातार यज्ञ कर रहे हैं। किसान बाकायदा सरकार के खिलाफ आहुति दे रहे हैं, जिससे उन्हें सद्बुद्धि मिले, जिससे 100 फीसदी मूंग पर एमएसपी दी जाए। किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने इंडिया टीवी से कहा है कि 2 बजे के बाद वह सीएम हाउस की तरफ कूच करेंगे।
वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा सख्त की गई, किसानों की भीड़ जुटना शुरू
पुलिस ने वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। 5 लेयर बेरिकेडिंग के बाद बड़ी-बड़ी बस खड़ी करके किसानों को रोकने के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि वीर सावरकर सेतु पर फिर से सैकड़ों किसान इकट्ठा होने शुरू हो गए हैं। किसानों में बेरिकेडिंग देख भारी नाराजगी है।
होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की
भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में जाम की स्थिति बनी थी। इस इलाके के तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की है। किसानों का आंदोलन उग्र रूप ना ले ले, इस बात को ध्यान में रखते हुए स्कूलों ने ये कदम उठाया है। स्कूलों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
